August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

पाली की पावन माटी और जल लेकर सोमनाथ की ओर बढ़ा कोरबा, स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

1 min read

 

 

सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ से रवाना हुआ आस्था और संस्कृति का विराट कारवां, कोरबा के 20 सदस्यीय दल ने किया गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  कोरबा। भारत की सनातन सांस्कृतिक चेतना, आस्था और गौरव के प्रतीक सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा” में कोरबा जिले ने भी अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता दर्ज कराई है। जिले के ऐतिहासिक एवं प्राचीन पाली शिव मंदिर से पवित्र माटी कलश और नौकोनिया तालाब से पवित्र जल कलश लेकर 20 सदस्यीय दल सोमनाथ के लिए रवाना हुआ।
रायपुर में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए एक हजार से अधिक प्रतिनिधियों को विशेष ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ (गुजरात) के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रा को भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान को सुदृढ़ करने वाला ऐतिहासिक अभियान बताते हुए सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।

 

 

कोरबा जिले से नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह के नेतृत्व में 20 सदस्यीय दल यात्रा में शामिल हुआ। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व पाली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इसके बाद मंदिर परिसर की पवित्र माटी तथा नौकोनिया तालाब के पावन जल को कलश में संजोकर यात्रा दल को विधिवत रवाना किया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष अजय जायसवाल ने यात्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय स्वाभिमान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से कोरबा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित होगी।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर की ऐतिहासिक गौरवगाथा, उसकी सांस्कृतिक विरासत और भारतीय सभ्यता के अदम्य स्वाभिमान से जुड़ेंगे। यह यात्रा देशभर के नागरिकों में सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करने का माध्यम बनेगी।
यात्रा रवाना होने के अवसर पर भाजपा नेता संजय भावनानी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष लखन प्रजापति, पूर्व पार्षद रामविलास जायसवाल, वरिष्ठ नागरिक रमाशंकर जायसवाल, पार्षद प्रतिनिधि दीपक शर्मा, रिंकू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने यात्रा दल का पुष्पवर्षा एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत करते हुए उनकी सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा, आस्था और स्वाभिमान का उत्सव है, जिसमें कोरबा जिले की सहभागिता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.