मोदी सरकार के 12 वर्ष: नारी शक्ति ने सजाई विकास की रंगोली, उरगा में महिला मोर्चा का भव्य परिचयात्मक सम्मेलन सम्पन्न



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*कोरबा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा उरगा मंडल द्वारा एक भव्य परिचयात्मक बैठक एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने रंगोली, भाषण प्रतियोगिता तथा पौष्टिक आहार प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के आह्वान, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के दिशा-निर्देशन तथा भाजपा उरगा मंडल अध्यक्ष किशन साव के मार्गदर्शन में महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी कंवर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक स्वावलंबन के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर समाज में जागरूकता का विस्तार करें।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिला मंत्री शैलजा रंगारी, सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमती दुर्गा देवी जायसवाल, सोशल मीडिया सहप्रभारी सुश्री अनीता प्रसाद सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सुंदर रंगोलियों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को साकार रूप दिया, वहीं पौष्टिक आहार प्रदर्शनी ने स्वस्थ भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मोदी सरकार की उपलब्धियों, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।

बैठक में महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष भुवनेश्वरी कंवर, ननकी बाई, अंजू पोर्ते, दुर्गा कंवर सहित मंडल की पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ज्येष्ठ एवं सम्मानित बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, संगठनात्मक ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से ओतप्रोत रहा। उपस्थित महिलाओं ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। महिला मोर्चा की इस परिचयात्मक बैठक ने न केवल संगठनात्मक एकता को मजबूती प्रदान की, बल्कि महिलाओं के नेतृत्व और सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश भी दिया।


