August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नन्हे बच्चों की योग साधना ने मोहा मन, कृष्णा ग्रुप द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन सम्पन्न

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*कोरबा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर कृष्णा ग्रुप कोरबा, सप्तदेव सेवा समिति कोरबा, छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन (महिला मंडल समिति), श्री सप्तदेव मंदिर महिला मंडल समिति कोरबा तथा कोरबा मारवाड़ी महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 11:00 बजे श्री सप्तदेव मंदिर परिसर में विशेष योग साधना कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह रही कि इसमें नन्हे बच्चों की सक्रिय सहभागिता ने पूरे वातावरण को ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता से भर दिया।
कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति कोरबा के अनुभवी योग शिक्षक दुर्गेश राठौर ने उपस्थित सभी सदस्यों, महिलाओं एवं बच्चों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने सरल भाषा में योग के महत्व को समझाते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन को स्थिर और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्राचीन भारतीय परंपरा है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए।

 

इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने भी योगासन का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा किए गए सरल योगासन, प्राणायाम एवं अनुशासित अभ्यास ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। नन्हे प्रतिभागियों की यह प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसने यह संदेश दिया कि यदि बचपन से ही योग को जीवन का हिस्सा बना लिया जाए तो आने वाला भविष्य अधिक स्वस्थ और संस्कारित होगा।
कार्यक्रम के दौरान कृष्णा ग्रुप कोरबा के चेयरमैन अशोक मोदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्ष 2007 में टी.पी. नगर स्थित प्रियदर्शनीय स्टेडियम में कोरबा के प्रतिष्ठित व्यवसायी, राजनीतिक, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से परमपूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज के मार्गदर्शन में पांच दिवसीय विशाल “योग विज्ञान शिविर” का सफल आयोजन किया गया था। उस ऐतिहासिक शिविर ने कोरबा में योग के प्रति व्यापक जनजागरूकता उत्पन्न की, जिसका परिणाम है कि आज शहर में बड़ी संख्या में योग प्रशिक्षक और साधक सक्रिय रूप से योग का प्रसार कर रहे हैं।
अशोक मोदी ने कहा कि योग को केवल एक दिन का आयोजन न मानकर इसे जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है, जो व्यक्ति को सकारात्मक सोच, ऊर्जा और निरोग जीवन की ओर अग्रसर करता है।
कार्यक्रम में कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर संजय मोदी, राजा मोदी, हार्दिक मोदी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके साथ ही अमरनाथ अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, सरला मित्तल, प्रीति मोदी, अंकिता मोदी, निकिता मोदी, ज्योति यादव, शीतल कौर, मनीषा शर्मा एवं बी.एम. शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया और स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.