August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

योग से स्वास्थ्य, वृक्षों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश: पाली में भाजपा का अनूठा अभियान

1 min read

 

 

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास के बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*पाली, 21 जून 2026 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मंडल पाली द्वारा स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता को समर्पित एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर के मंगल भवन में आयोजित भव्य सामूहिक योग शिविर में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के पश्चात ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल ने किया। योग शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया और नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान प्राप्त हुई है। आज विश्व के अनेक देश योग को अपनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का आधार भी है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और व्यस्तता के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में सामने आया है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति निरोगी जीवन की ओर अग्रसर होता है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
मंडल उपाध्यक्ष हरीश चावड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि योग आत्मशुद्धि और आत्मबल का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग मनुष्य को अनुशासन, संयम और आत्मविश्वास प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने तथा नई पीढ़ी को भी योग से जोड़ने का आह्वान किया।
योग शिविर का संचालन पतंजलि योगपीठ के प्रशिक्षक अरविंद पांडे एवं श्री चंद्रा जी द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की विस्तार से जानकारी दी। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान पूरे वातावरण में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार देखने को मिला।

 

 

योग कार्यक्रम के समापन के बाद भाजपा मंडल पाली द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत मंगल भवन परिसर में वृक्षारोपण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार योग शरीर को स्वस्थ रखता है, उसी प्रकार वृक्ष पृथ्वी को जीवन प्रदान करते हैं। इसलिए योग और पर्यावरण संरक्षण दोनों आज की आवश्यकता हैं।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता रामबिलास जायसवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीतीश कश्यप, प्रकाश दुबे, रामनारायण पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की समृद्धि, समाज के उत्तम स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा विश्व कल्याण की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। योग और वृक्षारोपण के इस संयुक्त आयोजन ने पाली नगर में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का सशक्त संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.