June 21, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

योग की अलख से जागा ग्राम जवाली, पांच दिवसीय शिविर में गूंजा ‘स्वस्थ भारत-निरोगी भारत’ का संकल्प

 

 

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सैकड़ों ग्रामीणों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, विद्यार्थियों का सम्मान और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
जवाली। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्राम जवाली में योग, स्वास्थ्य और जनजागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं आयुर्वेद विभाग के तत्वावधान में 17 जून से 21 जून 2026 तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जवाली के प्रांगण में आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर में बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को स्वस्थ जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।
शिविर के उद्घाटन सत्र की शुरुआत भगवान धन्वंतरी के तैलचित्र के समक्ष पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि राय के मार्गदर्शन तथा योग शिक्षक प्रवीण कुमार महानंद के निर्देशन में प्रतिदिन प्रातःकाल योगाभ्यास कराया गया। शिविर के दौरान ओम् उच्चारण, प्रार्थना, प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम, जॉगिंग, ताड़ासन, वृक्षासन, सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।

 

 

अपने संबोधन में डॉ. रवि राय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे 177 देशों के अभूतपूर्व समर्थन के बाद स्वीकृति मिली और 21 जून 2015 को पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। आज योग विश्वभर में भारत की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन चुका है।
उन्होंने बताया कि ग्राम जवाली में योग की परंपरा वर्षों पुरानी है। आयुर्वेद औषधालय के माध्यम से वर्ष 2003 से योग एवं आयुष पद्धति के प्रचार-प्रसार का कार्य लगातार किया जा रहा है। पूर्व आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी श्रीमती उपमा नायक द्वारा प्रारंभ की गई निःशुल्क योग शिविर की परंपरा आज भी निरंतर जारी है और ग्रामीणों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचा रही है।
पांच दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, कर्मचारियों और ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। योग साधकों को प्रतिदिन कम से कम दो नए लोगों को योग से जोड़ने का संदेश दिया गया, जिससे गांव में स्वास्थ्य के प्रति व्यापक जनजागरण का वातावरण निर्मित हुआ।
शिविर के दौरान योग साधकों एवं स्वयंसेवकों द्वारा शिक्षा और योग को बढ़ावा देने की अनूठी पहल भी की गई। विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों नील राज प्रजापति, युवराज प्रजापति, आदित्य तांडिया, मयंक तांडिया, राशि जनार्दन, नीलिमा कुर्रे एवं मेघा चौहान सहित अन्य प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पेन, डायरी, श्रीफल एवं हनुमान चालीसा भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को योग से जुड़कर स्वस्थ रहने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा बेहतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के प्रथम सत्र में दीपक पटेल, वीरेंद्र कुमार नामदेव एवं हनुमान प्रसाद द्विवेदी ने ग्राम जवाली की योग यात्रा, शिविर के उद्देश्य एवं अपने अनुभव साझा करते हुए योग के लाभों पर प्रकाश डाला।
इस पांच दिवसीय योग महोत्सव में ग्राम के गणमान्य नागरिकों, स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रवण कुमार तंवर, युवा मोर्चा अध्यक्ष हरीश कुमार कश्यप, महामंत्री महेंद्र कुमार यादव, विक्की द्विवेदी, हर्ष चौहान, जामवंत सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर योग के महत्व का संदेश दिया।
समापन सत्र में उपस्थित सभी योग साधकों को नियमित योग करने, आयुर्वेद आधारित जीवनशैली अपनाने तथा स्वस्थ भारत, स्वस्थ छत्तीसगढ़ और निरोगी समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को अंकुरित चना एवं आयुर्वेदिक काढ़ा वितरित किया गया।
ग्राम जवाली में आयोजित यह पांच दिवसीय योग शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली की दिशा में एक प्रेरणादायी जनआंदोलन के रूप में सामने आया, जिसने ग्रामीणों को योग के माध्यम से निरोग और संतुलित जीवन जीने की नई प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.