August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

योगमय हुआ कोरबा : हजारों लोगों ने किया सामूहिक योग, स्वस्थ एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का लिया संकल्प

1 min read

 

 

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय भव्य आयोजन, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया नेतृत्व
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा,21 जून 2026 बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरबा शहर योगमय वातावरण में सराबोर हो गया। नगरीय क्षेत्र स्थित लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक और विकसित समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेते हुए कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वास्थ्य, संतुलन और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि यह व्यक्ति के मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास का भी आधार है।

 

 

 

 

मंत्री श्री साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के करोड़ों लोग इसके लाभ से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता विकसित करने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने उपस्थित नागरिकों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस का कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। साथ ही नशामुक्त, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग स्वस्थ और निरोग जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। योग शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है तथा मन को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया।

 

 

 

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में योग का विशेष महत्व रहा है। योग शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित कर व्यक्ति की कार्यक्षमता, एकाग्रता और मानसिक दक्षता को बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए अवश्य निकालना चाहिए ताकि वह स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन जी सके।
योग शिक्षक श्री रामेश्वर प्रसाद पांडे के मार्गदर्शन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने ताड़ासन, पवनमुक्तासन, हलासन, शवासन सहित कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया। पूरे परिसर में योग, स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश नाग, अपर कलेक्टर श्री ओंकार यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ दिलाई गई। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से कोरबा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज का आधार योग ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.