August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

शिक्षा, संस्कार और नशामुक्ति का संदेश: सिमगा में शाला प्रवेश उत्सव बना जनजागरण का महाअभियान

1 min read

 

 

नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर हुआ स्वागत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने किया नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा, 20 जून 2026 जिले के पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह, उमंग और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के साथ संस्कार, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश भी गूंजता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम, जनपद पंचायत सदस्य भारत सिंह सिदार, ग्राम पंचायत सिमगा की सरपंच श्रीमती गायत्री आयाम, शाला विकास समिति के अध्यक्ष जय कुमार सिदार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने की।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर एवं पुष्प स्वागत कर अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया तथा शासन की ओर से प्रदायित गणवेश भी विद्यार्थियों को प्रदान किए गए। नवप्रवेशी बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
मुख्य अतिथि डॉ. पवन सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नए शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासित जीवन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के बच्चे भी अपनी प्रतिभा के दम पर बड़े मुकाम हासिल कर सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि विद्वान सिंह मरकाम ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक और देश का भविष्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

 

 

 

जनपद पंचायत सदस्य भारत सिंह सिदार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा को सामाजिक और आर्थिक उन्नति का सबसे प्रभावी माध्यम बताया तथा उन्हें निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने संकुल सिमगा एवं गडरा के सभी विद्यालयों की शैक्षणिक उपलब्धियों, परीक्षा परिणामों एवं प्रगति प्रतिवेदन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों की सफलताओं का उल्लेख करते हुए नवप्रवेशी बच्चों से उनका अनुसरण कर अपने जीवन को नई दिशा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के माध्यम से कोई भी विद्यार्थी सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।
शाला प्रवेश उत्सव का सबसे आकर्षक और प्रेरणादायक पहलू नशामुक्ति जनजागरण अभियान रहा। कार्यक्रम के समापन के बाद जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों ने गांव में रैली निकालकर नशामुक्ति का संदेश दिया। “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “शिक्षित बनो, स्वस्थ बनो” जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा। इस रैली ने शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता का भी प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में हीरा लाल पुलस्ते, बुधराम सिंह मसराम, चैन सिंह नेटी, व्याख्याता एवं शिक्षकगण दिव्या कुजूर, मेलन कंवर, रुखमणि पूरेना, रमाकांत कुसरो, उमाकांत टोंडे, दीपक कुमारी, पुष्पा कुमारी, सोनम बालन, संकुल समन्वयक तेजराम चंद्रा, विजय ताम्रकार, प्रधान पाठक देवपाल सिंह कंवर, भीष्म प्रसाद साहू, रामशरण मरकाम, छोटे लाल आयाम, धर्मेंद्र यादव, गंगा राम देशलहरे, सुनीता मरावी, रूपसाय बिंझवार सहित बड़ी संख्या में पालकगण, ग्रामवासी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सिमगा में आयोजित यह शाला प्रवेश उत्सव केवल नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ नहीं रहा, बल्कि शिक्षा, संस्कार, सामाजिक चेतना और नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाला प्रेरणादायी आयोजन साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.