June 20, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मोतीसागरपारा को मिली बड़ी सौगात: गोकुलगंज से सीतामणी मेन रोड तक 20 लाख की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य शुरू

 

महापौर संजूदेवी राजपूत ने पूजा-अर्चना कर कराया शुभारंभ, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा,17 जून 2026 नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र के पुराने कोरबा शहर स्थित मोतीसागरपारा के रहवासियों को लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क निर्माण की सौगात मिल गई है। वार्ड क्रमांक 08 में गोकुलगंज से सीतामणी मेन रोड तक 20 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क डामरीकरण कार्य का शुभारंभ महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, निगम के पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को गति देते हुए लगातार सड़क, जलप्रदाय और जनसुविधा संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के सतत प्रयासों से निगम क्षेत्र में लगभग 15 करोड़ रुपये के सड़क डामरीकरण कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से प्रारंभ किया जा रहा है। इसी क्रम में मोतीसागरपारा क्षेत्र की इस बहुप्रतीक्षित सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया है।

 

शुभारंभ अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि सड़क निर्माण केवल विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि वर्षों से क्षेत्रवासी इस सड़क की मांग कर रहे थे और आज इसका निर्माण कार्य प्रारंभ होने से लोगों की आवागमन संबंधी समस्याएं दूर होंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
महापौर ने कहा कि नगर निगम कोरबा के सभी 67 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जनसुविधाओं का विस्तार, बुनियादी अधोसंरचना का विकास और नागरिक समस्याओं का समाधान निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता की मांग और आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर पूरा किया जा रहा है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के नेतृत्व में कोरबा नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा रहा है और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि बिना किसी भेदभाव के जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना भी है। नगर निगम इसी भावना के साथ कार्य कर रहा है और इसका परिणाम आज पूरे शहर में दिखाई दे रहा है।
कार्यक्रम में पार्षद रूबीदेवी सागर, उर्वशी राठौर, राधा महंत, धनश्री साहू, उपेन्द्र पटेल, ईश्वर पटेल, रामशंकर साहू, प्रमिला सागर, भाजपा कोरबा मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, पूर्व पार्षद सुफलदास महंत, रंजू यादव, रितु जायसवाल, विजय गुप्ता, नवीन जायसवाल, राजेन्द्र राजपूत, बीरू पाहुजा, सुखदेव सिंह संधू, भोलू यादव, उत्तम पाठक, नागेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
सड़क डामरीकरण कार्य प्रारंभ होने से मोतीसागरपारा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में उत्साह का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत तथा नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.