मोदी के 4399 दिनों की जनसेवा पर गूंजा शिवालय: करतला-बुटईचुआ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया सामूहिक पूजन, हनुमान चालीसा पाठ और राष्ट्र समृद्धि की प्रार्थना



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा/करतला। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की निरंतर प्रगति, सुशासन और जनकल्याण के ऐतिहासिक 4399 दिन पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने करतला क्षेत्र में भक्ति और राष्ट्रसेवा के अद्भुत संगम का आयोजन किया। करतला स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों में विशेष पूजा-अर्चना, सामूहिक प्रार्थना, हनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती का आयोजन कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र की निरंतर उन्नति और समृद्धि की कामना की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत करतला क्षेत्र के छातापाठ मंदिर, दुर्गा मंदिर, हनुमान मंदिर तथा शिव मंदिर (बुटईचुआ) में श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन किया गया। मंदिरों में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ और संकटमोचन हनुमान जी के समक्ष राष्ट्र कल्याण, विकसित भारत के निर्माण तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निरंतर ऊर्जा और सफलता प्राप्त होने की प्रार्थना की।

पूजा-अर्चना के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्ति का अनुपम वातावरण बना रहा। सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया तथा महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। “हर-हर महादेव”, “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के उद्घोषों से वातावरण भक्तिमय एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पिछले 12 वर्षों में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णयों और जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
पूजन कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सभी ने एक स्वर में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर योगदान देने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष टिकेश्वर सिंह राठिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष नटवर शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष आकाश सक्सेना, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री राजेन्द्र राठिया, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष आकाश गुप्ता, युवा मोर्चा महामंत्री आयुष सक्सेना एवं विकास राठौर, अमन राय, संदीप राठौर, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुशील राय, मनोज साहू, तुसार साहू सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था, संगठनात्मक एकजुटता और राष्ट्र समर्पण का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन तथा भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की।


