June 9, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

भाजपा बांकीमोंगरा मंडल की कार्यसमिति बैठक में संगठन विस्तार पर मंथन, कार्यकर्ताओं को मिला मिशन 2026 का मंत्र

 

 

 

“शक्ति केंद्र और बूथ ही संगठन की असली ताकत, हर कार्यकर्ता बने भाजपा की विचारधारा का वाहक” – अजय कुमार दुबे

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  बांकीमोंगरा। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान, प्रदेश संगठन एवं जिला नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा बांकीमोंगरा मंडल की कार्यसमिति एवं परिचयात्मक बैठक सोमवार को घुड़देवा सामुदायिक भवन में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ सशक्तिकरण तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा कोरबा के जिला मंत्री एवं मंडल प्रभारी अजय कुमार दुबे रहे, जबकि बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा ने की। बैठक की शुरुआत संगठनात्मक परिचय और कार्यकर्ताओं के स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

 

 

अपने उद्बोधन में अजय कुमार दुबे ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है। संगठन जितना मजबूत होगा, जनता के बीच हमारी पहुंच और प्रभाव उतना ही व्यापक होगा।” उन्होंने शक्ति केंद्रों और बूथ समितियों को भाजपा की रीढ़ बताते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता से संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनकल्याण, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। इन उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय, प्रदेश एवं मंडल स्तरीय कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी दी और सभी कार्यकर्ताओं से उनकी सफल भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

बैठक में वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भी संगठन की विचारधारा, कार्यसंस्कृति और दायित्वों पर प्रकाश डाला। मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष तथा सातों मोर्चों के कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक विषयों पर गंभीरता से चर्चा की और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

 

 

बैठक के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सक्रिय सहभागिता के साथ सफल बनाने का भरोसा भी दिलाया।

कार्यक्रम में प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंत्री भागवत विश्वकर्मा, जिला मंत्री सतीश झा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैल राठौर, विधायक प्रतिनिधि लखपत शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत केवट, सुधार सय चौहान, सुंदर बंजारे, वीरेंद्र श्रीवास, शालिक राम दुबे, मुकेश अग्रवाल, सूरज मिश्रा, जितेंद्र सिंह, गौरी केवट, कविता यादव, हेम सिंह कंवर, पार्षदगढ़ राजेश पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन मंडल महामंत्री श्रीमती अनीता राजपूत ने किया, जबकि अंत में मंडल महामंत्री विकेश झा ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक का समापन संगठन की मजबूती, जनसेवा के संकल्प और “जय भाजपा, विजय भाजपा” के उद्घोष के साथ हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.