कोरबा में आधी रात गैंगवार जैसी वारदात: एएसआई का बेटा गंभीर घायल, युवक के अपहरण और लूटपाट से मचा हड़कंप



बुधवारी बाईपास से बलगी मोड़ तक चला खूनी घटनाक्रम, 25-30 युवकों पर बेरहमी से हमला करने का आरोप, पुलिस की ताबड़तोड़ जांच जारी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। शहर में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात हुई हिंसक वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवारी बाईपास से लेकर एनटीपीसी मार्ग होते हुए बलगी मोड़ तक फैले घटनाक्रम में एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य युवक ने अपहरण, सामूहिक मारपीट, लूटपाट और हथियार दिखाकर धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की रात करीब एक बजे मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र के बुधवारी बाईपास मार्ग पर कुछ युवक अपनी कार में बैठे हुए थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो वहां पहुंची। बताया जा रहा है कि वाहन निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान कार से बाहर निकले एएसआई के पुत्र को बोलेरो चालक ने कथित रूप से वाहन से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया, जिससे वहां मौजूद युवकों में आक्रोश फैल गया।
घटना के बाद कुछ युवक बोलेरो का पीछा करते हुए एनटीपीसी मार्ग से बलगी क्षेत्र की ओर पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान बोलेरो सवारों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। रास्ते में मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवकों ने पीछा कर रहे लोगों को रोक लिया और उनमें से एक युवक को जबरन अपने कब्जे में लेकर कार में बैठा लिया।
पीड़ित युवक का आरोप है कि उसे बलगी क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद 25 से 30 युवकों ने लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। उसने आरोप लगाया कि हमलावरों में शामिल एक युवक ने पिस्टलनुमा हथियार दिखाकर डराया-धमकाया और हवा में फायरिंग भी की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावर उसके पास मौजूद करीब एक लाख रुपये नकद, महंगा मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी और सोने की चेन भी छीनकर ले गए। कुछ समय बाद होश आने पर उसने दूसरे मोबाइल से अपने परिचितों को सूचना दी। सूचना मिलते ही साथी मौके पर पहुंचे और उसे बांकीमोंगरा थाना लेकर गए, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरी ओर, टक्कर में घायल हुए एएसआई के पुत्र का भी उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल सक्रिय हो गए। पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को भी दी गई। पुलिस ने बुधवारी बाईपास, एनटीपीसी मार्ग और बलगी क्षेत्र के आसपास जांच तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपहरण, मारपीट, लूटपाट और कथित फायरिंग के आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात को लेकर पूरे शहर में चर्चा का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।


