नेहरू नगर को मिली विकास की नई सौगात : बालको ने बनाया आधुनिक सामुदायिक भवन, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया लोकार्पण



“औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक उत्थान में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है बालको” – मंत्री लखन लाल देवांगन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// बालकोनगर, 06 जून 2026। क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा नेहरू नगर में निर्मित आधुनिक सामुदायिक भवन का भव्य लोकार्पण छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार सिंह, वार्ड पार्षद श्री कृपाराम साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, नागरिक, बालको के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, सामुदायिक भवन के लोकार्पण एवं शिलापट्ट अनावरण के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उपस्थित नागरिकों ने क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास और सामुदायिक हितों के लिए बालको द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी मिसाल कायम कर रहा है बालको : लखन लाल देवांगन
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बालको केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सड़क निर्माण और सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि नेहरू नगर में निर्मित यह सामुदायिक भवन स्थानीय नागरिकों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास में जनसुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह भवन सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सामुदायिक सहभागिता को नई मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने नागरिकों से इस भवन का अधिकतम उपयोग करने और इसे समाजहित के कार्यक्रमों का सशक्त मंच बनाने का आह्वान किया।
सामाजिक एकता और जनसुविधाओं को बढ़ावा देना हमारा उद्देश्य : राजेश कुमार सिंह
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि यह सामुदायिक भवन स्थानीय नागरिकों को समर्पित करते हुए बालको को गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास में मजबूत आधारभूत संरचना और सार्वजनिक सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बालको सदैव समुदाय के विकास को अपनी प्राथमिकता मानते हुए कार्य करता रहा है।
उन्होंने कहा कि यह भवन लोगों के बीच सामाजिक सौहार्द, सहयोग और सामुदायिक एकता को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा। साथ ही उन्होंने स्थानीय समुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिकों के विश्वास और सहयोग से ही विकास के ऐसे कार्य संभव हो पाते हैं।
दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी पूरी तरह अनुकूल
नव-निर्मित सामुदायिक भवन को सभी वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। भवन में रैंप सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक भी आसानी से इसका उपयोग कर सकें। यह पहल समावेशी विकास और सभी के लिए सुलभ सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
सामुदायिक विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है बालको
बालको अपनी सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधियों के तहत लगातार सामुदायिक विकास के कार्यों को गति दे रहा है। वित्तीय वर्ष 2026 में कंपनी द्वारा 12 सामुदायिक शौचालय, 2 सामुदायिक मंच और 4 सामुदायिक भवनों का निर्माण किया गया है। इन परियोजनाओं के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।
नेहरू नगर में निर्मित यह सामुदायिक भवन न केवल एक भवन है, बल्कि सामाजिक एकता, जनसुविधा और क्षेत्रीय विकास की नई पहचान बनकर उभरेगा। यह परियोजना बालको की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत कंपनी औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ समाज के सर्वांगीण विकास को भी समान महत्व देती है।


