June 6, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“युवाओं के मुद्दों पर राजनीति नहीं, जवाब दे कांग्रेस” : राहुल टिकरिहा का पलटवार, बोले- मीडिया सुर्खियों के लिए हो रही सियासी नौटंकी

 

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर पहले अपना रिकॉर्ड देखे विपक्ष
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//   रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर विषयों को लेकर कांग्रेस केवल राजनीतिक प्रदर्शन और मीडिया प्रबंधन में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर कुछ कांग्रेस नेता जिस प्रकार प्रदर्शन कर रहे हैं, वह छात्रों के हितों से अधिक राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश प्रतीत होती है।
श्री टिकरिहा ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य को लेकर केंद्र सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है और नीट पेपर लीक प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है। जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं और इस मामले में कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। ऐसे में विपक्ष द्वारा तथ्यों से परे जाकर भ्रम फैलाने का प्रयास उचित नहीं कहा जा सकता।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को युवाओं के हितों की बात करने से पहले अपने कार्यकाल के दौरान सामने आए विभिन्न परीक्षा एवं भर्ती विवादों पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासनकाल के दौरान भर्ती प्रक्रियाओं और परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे, जिन पर आज तक कांग्रेस स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी है।
राहुल टिकरिहा ने कहा कि हाल ही में सामने आए बोर्ड परीक्षा पेपर लीक प्रकरण में भी जांच एजेंसियों द्वारा कार्रवाई की गई और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। उन्होंने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि जब छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मामलों में उनके संगठन से जुड़े लोगों के नाम सामने आए, तब कांग्रेस ने वैसी सक्रियता क्यों नहीं दिखाई जैसी आज दिखाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस को पहले आत्ममंथन करना चाहिए। देश और प्रदेश के छात्र अब तथ्यों को समझते हैं और वे केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से प्रभावित होने वाले नहीं हैं। आज का युवा पारदर्शिता, विकास, रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा चाहता है।
श्री टिकरिहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयास इसका प्रमाण हैं।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के भविष्य पर राजनीति करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सकारात्मक सहयोग करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि देश के युवा विकास, सुशासन और पारदर्शिता की राजनीति के साथ खड़े हैं तथा वे केवल राजनीतिक शोर-शराबे और दिखावे की राजनीति को स्वीकार नहीं करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.