ओबीसी समाज को सत्ता में हिस्सेदारी देकर भाजपा ने दिलाया वास्तविक सम्मान : अमरपाल मौर्य
1 min read
कांग्रेस ने दशकों तक ओबीसी समाज को केवल चर्चा तक सीमित रखा, मोदी सरकार ने नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में दी भागीदारी
2047 के विकसित भारत के संकल्प में पिछड़ा वर्ग निभाएगा निर्णायक भूमिका, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर समाज के हर वर्ग से संवाद करेगी भाजपा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने कांग्रेस पर पिछड़ा वर्ग समाज को दशकों तक राजनीतिक रूप से उपेक्षित रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने ओबीसी समाज को केवल नारों और वादों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सत्ता, नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में वास्तविक हिस्सेदारी देकर सम्मान प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीति में वह बदलाव आया है, जिसमें समाज के उन वर्गों को अग्रणी भूमिका मिली है, जिन्हें लंबे समय तक मुख्यधारा से दूर रखा गया था।
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमरपाल मौर्य ने कहा कि भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा छत्तीसगढ़ में मंडल स्तर तक संगठनात्मक संरचना पूर्ण कर चुका है। अब संगठन को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक पूरी मजबूती के साथ सक्रिय करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रभावी और अग्रणी भूमिका निभाएगा। संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ समन्वय, संपर्क और संवाद स्थापित कर भाजपा की विचारधारा एवं सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
‘ओबीसी समाज को सत्ता में भागीदारी देना भाजपा की राजनीतिक प्रतिबद्धता’
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद पिछड़ा वर्ग समाज के उत्थान के लिए अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई। कांग्रेस की राजनीति एक परिवार तक सीमित रही, जबकि भाजपा ने समाज के विभिन्न वर्गों को नेतृत्व का अवसर देकर लोकतंत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दशकों से चली आ रही व्यवस्था में परिवर्तन कर पिछड़े समाज के लोगों को राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक रूप से आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार में 27 ओबीसी मंत्रियों की भागीदारी और छत्तीसगढ़ सरकार में 14 में से 7 मंत्रियों का पिछड़ा वर्ग समाज से होना भाजपा की राजनीतिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह केवल प्रतिनिधित्व का आंकड़ा नहीं, बल्कि समाज को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सहभागी बनाने की सोच का प्रमाण है।

समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
अमरपाल मौर्य ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रमुख दायित्व है। शिक्षा, रोजगार, सामाजिक स्वाभिमान, राजनीतिक हिस्सेदारी और आर्थिक सशक्तीकरण के माध्यम से उन वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है, जो लंबे समय तक विकास की दौड़ में पीछे रह गए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य तभी सार्थक होगा, जब ओबीसी समाज सहित सभी वंचित और पिछड़े वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी। पिछड़ा वर्ग समाज देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और भाजपा इसी सोच के साथ समाज के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और जरूरतों को समझने का काम करेगी।
जनगणना को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के दौरान कांग्रेस ने ओबीसी समाज की वास्तविक स्थिति और संख्या को सामने लाने के लिए अपेक्षित पहल नहीं की। आज जब जनगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, तब कांग्रेस उसमें भी सवाल उठाकर कमियां निकालने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में योजनाओं और व्यवस्थाओं को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। कांग्रेस को आलोचना की राजनीति से बाहर निकलकर समाज के हित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
घर-घर तक पहुंचेगी भाजपा की विचारधारा, संगठन विस्तार को मिलेगी नई गति
अमरपाल मौर्य ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग मोर्चा संगठन को पूरी ताकत के साथ मजबूत करने के लिए मैदान में उतरेगा। समाज के प्रत्येक वर्ग से संवाद, संगठनात्मक विस्तार, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार और भाजपा की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख हिस्सा होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की शक्ति को बूथ स्तर तक पहुंचाएं और समाज के लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें, ताकि भाजपा का जनाधार और संगठनात्मक मजबूती निरंतर बढ़ती रहे।
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी छगन साहू एवं मीडिया सह प्रभारी श्रवण यदु उपस्थित रहे।




