“परीक्षा घोटाले के आरोपी नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे, कांग्रेस पहले अपना चेहरा आईने में देखे” : भाजपा



एनएसयूआई अध्यक्ष के पुराने प्रकरण को लेकर भाजपा का तीखा हमला, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने खोला ‘दोहरी राजनीति’ का काला अध्याय
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और एनएसयूआई पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि जिन लोगों का राजनीतिक इतिहास स्वयं परीक्षा संबंधी गंभीर अनियमितताओं और विवादों से घिरा रहा है, वे आज छात्रों के हितैषी बनने का नाटक कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब ऐसे राजनीतिक पाखंड को भली-भांति समझ चुकी है।
शुक्रवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस और उसके छात्र संगठन जिस तरह पेपर लीक और परीक्षा संबंधी मुद्दों पर राजनीति कर रहे हैं, वह पूरी तरह अवसरवादी और विरोधाभासी है। उन्होंने कहा कि जो लोग आज नैतिकता और पारदर्शिता की बात कर रहे हैं, उन्हें पहले अपने अतीत और अपने संगठन के इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि वर्षों पहले सामने आए एक चर्चित परीक्षा प्रकरण में एनएसयूआई के राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व से जुड़े नामों पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। उस मामले में परीक्षा प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से दूसरे व्यक्ति को परीक्षा में बैठाने और पहचान संबंधी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा था। भाजपा का आरोप है कि ऐसे मामलों पर कांग्रेस कभी खुलकर जवाब नहीं देती, लेकिन दूसरों पर आरोप लगाने में सबसे आगे रहती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के शासनकाल को भूली नहीं है। वर्ष 2018 से 2023 के बीच विभिन्न भर्ती परीक्षाओं, चयन प्रक्रियाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे। अनेक मामलों में जांच हुई, कार्रवाई हुई और कई लोगों को कानूनी प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ा। ऐसे में कांग्रेस को नैतिकता का प्रमाणपत्र बांटने का कोई अधिकार नहीं है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस का राजनीतिक चरित्र हमेशा से विरोधाभासों से भरा रहा है। एक ओर वह युवाओं और छात्रों के हितों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके अपने नेताओं और संगठनों पर समय-समय पर गंभीर आरोप लगते रहे हैं। जनता अब तथ्यों और राजनीतिक नौटंकी के बीच का अंतर समझने लगी है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि भाजपा युवाओं के भविष्य, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा व्यवस्था की शुचिता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले कांग्रेस को अपने दामन पर लगे दागों का जवाब देना चाहिए। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ज्यादा जरूरी युवाओं का भविष्य और उनकी मेहनत का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जागरूक जनता ऐसे राजनीतिक पाखंड को पहचानती है और समय आने पर उसका जवाब भी देती है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि युवाओं के हितों से जुड़े किसी भी विषय पर राजनीति नहीं, बल्कि जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


