August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

नृत्य मंच पर चमकी नैन्सी पांडेय की प्रतिभा, द्वितीय स्थान प्राप्त कर बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव

1 min read

 

कमला नेहरू महाविद्यालय समिति ने किया सम्मानित, पदाधिकारियों ने उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण का संगम जब मंच पर उतरता है तो सफलता स्वयं कदम चूमती है। इसी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा की एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर भूगोल की छात्रा नैन्सी पांडेय ने नृत्य प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
प्रतियोगिता में उल्लेखनीय सफलता अर्जित करने के बाद गुरुवार को नैन्सी पांडेय ने कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर अध्यक्ष श्री शर्मा ने छात्रा की प्रतिभा, लगन और उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अध्यक्ष किशोर शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी उनके सर्वांगीण विकास का परिचायक है। नैन्सी की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा इससे महाविद्यालय का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
इस सम्मान समारोह में समिति के सचिव सुरेंद्र लाम्बा, सहसचिव उमेश लाम्बा, प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर एवं भूगोल विभागाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने भी नैन्सी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि वह आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा से महाविद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान वाणिज्य विभागाध्यक्ष बी.के. वर्मा तथा अंग्रेजी विभागाध्यक्ष बृजेश तिवारी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक भी उपस्थित रहे। सभी ने छात्रा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे निरंतर आगे बढ़ने और नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया।
नैन्सी पांडेय की यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह दर्शाती है कि कमला नेहरू महाविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और प्रतिभाओं के विकास को भी समान महत्व दिया जाता है। उनकी सफलता ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.