August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

शराब घोटाले पर भाजपा का कांग्रेस पर बड़ा हमला: “छत्तीसगढ़ की जनता का पैसा लूटकर बाहर खड़ा किया गया साम्राज्य”

1 min read

 

ईडी के पूरक आरोप पत्र के बाद भाजपा हुई हमलावर, कांग्रेस से मांगा जवाब; गोवा होटल निवेश समेत कई गंभीर आरोपों को लेकर घेरा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा तेज कर दिया है। ईडी द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत पूरक आरोप पत्र में हुए नए खुलासों का हवाला देते हुए भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश की जनता के धन का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया और अवैध कमाई को प्रदेश से बाहर निवेश कर आर्थिक तंत्र को नुकसान पहुंचाया गया।
मंगलवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय ने कहा कि शराब घोटाले से जुड़े दस्तावेज और जांच एजेंसियों की कार्रवाई इस बात की ओर संकेत कर रही है कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि सत्ता, प्रशासन और कारोबारियों के गठजोड़ से संचालित एक संगठित नेटवर्क का मामला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता के हितों की अनदेखी कर करोड़ों रुपये की कथित अवैध राशि को अन्य राज्यों में निवेश किया गया। भाजपा का दावा है कि ईडी के आरोप पत्र में ऐसे तथ्यों का उल्लेख किया गया है, जिनसे यह संकेत मिलता है कि घोटाले से अर्जित रकम का उपयोग प्रदेश के बाहर बड़े व्यावसायिक निवेशों में किया गया।
“जनता का धन विकास में नहीं, निजी साम्राज्य खड़ा करने में लगा”

 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जिस धन का उपयोग प्रदेश के विकास, रोजगार, अधोसंरचना और जनकल्याण योजनाओं में होना चाहिए था, उसे कथित तौर पर निजी हितों और संपत्तियों के निर्माण में लगाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब घोटाले की रकम के जरिए बाहरी राज्यों में बड़े निवेश किए गए, जिससे छत्तीसगढ़ की आर्थिक गतिविधियों और बाजार व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
श्री पाण्डेय ने कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई में अब तक बड़ी मात्रा में संपत्तियों को चिन्हित कर जब्त अथवा फ्रीज किया जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि जांच के दायरे में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं और करोड़ों रुपये की अतिरिक्त बेनामी संपत्तियों का भी पता चला है।
कांग्रेस की चुप्पी पर उठाए सवाल
भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी को लेकर भी तीखे सवाल खड़े किए। श्री पाण्डेय ने कहा कि जब जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं और नए तथ्य सार्वजनिक हो रहे हैं, तब कांग्रेस नेतृत्व जनता के सामने आकर स्पष्ट जवाब क्यों नहीं दे रहा है? उन्होंने कहा कि केवल केंद्रीय एजेंसियों पर राजनीतिक आरोप लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कांग्रेस को उन आरोपों पर भी अपना पक्ष रखना चाहिए जो जांच दस्तावेजों में दर्ज किए जा रहे हैं।
“सत्ता संरक्षण के बिना संभव नहीं था इतना बड़ा नेटवर्क”
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि शराब घोटाले का दायरा इतना बड़ा है कि यह बिना राजनीतिक संरक्षण और प्रशासनिक सहयोग के संभव नहीं हो सकता था। उन्होंने कहा कि जांच में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें राजनीतिक, प्रशासनिक और कारोबारी क्षेत्रों से जुड़े कई प्रभावशाली लोग शामिल बताए जा रहे हैं। इससे स्पष्ट होता है कि यह कोई सामान्य अनियमितता नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से संचालित किया गया आर्थिक नेटवर्क था।
जनता को जवाब दे कांग्रेस : भाजपा
भाजपा ने मांग की कि कांग्रेस प्रदेश की जनता के सामने आकर पूरे मामले पर स्पष्ट स्थिति रखे और बताए कि जांच एजेंसियों द्वारा सामने लाए जा रहे तथ्यों पर उसका क्या पक्ष है। भाजपा का कहना है कि छत्तीसगढ़ की जनता को यह जानने का अधिकार है कि उनके संसाधनों और राजस्व से जुड़े इस बहुचर्चित मामले की वास्तविकता क्या है तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा ने दावा किया कि शराब घोटाले से जुड़े खुलासे आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में बड़ा मुद्दा बनेंगे और कांग्रेस को इन आरोपों पर जवाब देना ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.