आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम: भारत विकास परिषद शक्ति स्वरूपा ने शुरू किया निशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण अभियान



बीपीएल वर्ग की बालिकाओं एवं महिलाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण, दो माह तक पूरी तरह नि:शुल्क चलेगा कोर्स
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारत विकास परिषद की शाखा शक्ति स्वरूपा द्वारा दीनदयाल मार्केट के सामने स्थित ब्लस पार्लर में बीपीएल वर्ग से आने वाली बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए निशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम बताते हुए प्रशिक्षार्थियों को पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्रभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष कमलेश यादव तथा प्रांतीय संस्कार सचिव धर्मेश कुदेशिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शाखा शक्ति स्वरूपा की अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी साहू ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि आज के समय में महिलाओं का आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यह निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं एवं महिलाओं से कहा कि यहां सीखी गई कला और कौशल जीवनभर उनके काम आएंगे तथा कठिन परिस्थितियों में भी उन्हें किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह प्रशिक्षण न केवल रोजगार के अवसर प्रदान करेगा बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास ही महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि महिलाएं किसी हुनर में दक्ष हो जाएं तो वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बना सकती हैं।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि ब्लस पार्लर की संचालिका जानकी साहू द्वारा यह संपूर्ण प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क प्रदान किया जाएगा। लगभग 20 बालिकाओं एवं महिलाओं ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पंजीयन कराया है। दो माह तक चलने वाले इस विशेष कोर्स में ब्यूटी पार्लर से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक एवं तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे प्रशिक्षार्थी भविष्य में स्वरोजगार स्थापित कर सकें।
इस अवसर पर सेवा प्रकल्प प्रांत संयोजिका ममता वासन, सचिव अनीमा प्रसाद, पूर्व अध्यक्ष सुषमा दानी, सविता पाठक, पर्यावरण प्रमुख नीलम चंद्रा, शाखा शक्ति स्वरूपा की सदस्यगण, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष कमलेश यादव, शाखा अध्यक्ष पद्मिनी साहू, प्रांतीय संस्कार सचिव धर्मेश कुदेशिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास को समर्पित इस पहल की उपस्थितजनों ने सराहना करते हुए इसे समाज के कमजोर वर्गों की महिलाओं के लिए एक प्रेरणादायक एवं उपयोगी प्रयास बताया।


