August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

खरमोरा में विकास का नया अध्याय: 2.95 करोड़ के 7 विकास कार्यों का भूमिपूजन, मंत्री लखनलाल देवांगन बोले— जनसुविधाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा, 01 जून 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के कोसाबाड़ी जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 35 एवं 36 के नागरिकों को लगभग 2 करोड़ 95 लाख रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। खरमोरा में आयोजित भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अध्यक्षता करते हुए कुल 7 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
वार्ड 35 और 36 में होंगे करोड़ों के विकास कार्य
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा विभिन्न मदों से स्वीकृत इन विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 36 में 1 करोड़ 94 लाख 70 हजार रुपये की लागत से स्वास्थ्य विभाग कॉलोनी में नाली निर्माण तथा जिला चिकित्सालय मुख्य मार्ग तक नाले का निर्माण जिला खनिज न्यास मद से कराया जाएगा। इसके अलावा मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण मद से 20 लाख रुपये की लागत से साधराम राठौर के घर से राठिया समाज भवन तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य होगा। इसी मद से 20 लाख रुपये की लागत से निर्मला स्कूल से विनोद सोनवानी के घर तक नाली निर्माण तथा 5 लाख रुपये की लागत से डिंगापुर जंगल खटाल में मंच निर्माण किया जाएगा।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 35 में जिला खनिज संस्थान मद से 35 लाख 80 हजार रुपये की लागत से गोकुलनगर गोठान में बाउंड्रीवाल, शेड, अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। वहीं 15 लाख रुपये की लागत से न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी खरमोरा गेट से मेन रोड तक सीसी रोड का निर्माण होगा। इसके अतिरिक्त मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण मद से 5 लाख रुपये की लागत से खरमोरा हनुमान मंदिर से कमल राठौर के घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य कराया जाएगा।
जनसुविधाओं का विस्तार ही हमारा लक्ष्य : लखनलाल देवांगन
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि जनता को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में कोरबा नगर निगम क्षेत्र में विगत दो वर्षों के दौरान लगभग 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं।

 

उन्होंने कहा कि इनमें से अनेक कार्य पूर्ण हो चुके हैं, कई निर्माणाधीन हैं और शेष कार्य निविदा प्रक्रिया में हैं। मंत्री देवांगन ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
बिना किसी भेदभाव के सभी 67 वार्डों में हो रहा विकास : महापौर
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में निगम क्षेत्र के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री देवांगन द्वारा लगातार विभिन्न मदों से विकास कार्यों के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप शहर के हर क्षेत्र में विकास दिखाई दे रहा है।
महापौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुरूप प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। प्रदेश में लाखों आवासों की स्वीकृति दी गई है और निर्माण कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के सभी वर्गों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।
मंत्री बनने के बाद कोरबा में तेज हुई विकास की रफ्तार : नूतन सिंह ठाकुर
निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि लखनलाल देवांगन के विधायक एवं मंत्री बनने के बाद कोरबा में विकास कार्यों की गति उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद के कारण ही कोरबा में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, नागरिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और जनसमस्याओं का निराकरण तेजी से किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर के अलावा एमआईसी सदस्य अजय गोंड़, पार्षद प्रताप सिंह कंवर, सुकुंदी यादव, चन्द्रकली जायसवाल, वैभव शर्मा, रामकुमार पटवा, गोपाल राठिया, सरस्वती पटेल, ललेश दुबे, ईश्वर सिंह कंवर, छोटेलाल यादव, अनिल डिक्सेना, गुडिया यादव, ममता शर्मा, ईतवार सिंह कंवर, निर्मला कंवर, चंदन कंवर, बजरंग पटेल, हेमंत चन्द्रा, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, राहुल मिश्रा, अश्वनी दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

खरमोरा, गोकुलनगर और स्वास्थ्य विभाग कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में सड़क, नाली, मंच, गोठान एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण से क्षेत्रवासियों को मिलेगा सीधा लाभ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.