June 1, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

पीएम श्री विद्यालय करतला में ‘भविष्य निर्माण महाअभियान’: करियर गाइडेंस, अंकसूची वितरण और रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों को मिली नई उड़ान

 

 

10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को विशेषज्ञों ने दिखाया सफलता का मार्ग, मेडिकल, इंजीनियरिंग, आईटीआई से लेकर सिविल सेवा तक के अवसरों की दी विस्तृत जानकारी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  करतला। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को दिशा देने और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय करतला में समर कैंप के अंतर्गत कैरियर गाइडेंस सह अंकसूची वितरण कार्यक्रम का प्रभावशाली आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा, रोजगार और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी देकर उनके करियर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया गया।
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह राठिया मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य नीलकंठ राठौर अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
करियर विशेषज्ञ ने खोले सफलता के नए द्वार
करियर मार्गदर्शक दुबराज सिंह राठिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में सफलता के अनेक रास्ते उपलब्ध हैं। उन्होंने कक्षा 10वीं के बाद आईटीआई और पॉलीटेक्निक के माध्यम से तकनीकी शिक्षा हासिल कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, कोपा जैसे ट्रेड युवाओं को कम समय में रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

 

मेडिकल क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएं
पीसीबी (PCB) वर्ग के विद्यार्थियों को मेडिकल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीएचएमएस, बीयूएमएस, वेटनरी, बीएससी नर्सिंग, रेडियोलॉजी, पैरामेडिकल, बीएमएलटी, बीपीटी एवं फार्मेसी जैसे पाठ्यक्रमों की जानकारी दी और बताया कि इन क्षेत्रों में सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
आईआईटी, एनआईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर विशेष चर्चा
पीसीएम (PCM) वर्ग के विद्यार्थियों को जेईई मेन्स और एडवांस के माध्यम से आईआईटी और एनआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट करियर बनाने की जानकारी दी गई।
उन्होंने कंप्यूटर साइंस, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रिकल और सिविल इंजीनियरिंग जैसे आधुनिक और तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों की संभावनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कला संकाय के विद्यार्थियों को मिला प्रतियोगी परीक्षाओं का मार्गदर्शन
कला संकाय के विद्यार्थियों को सीयूईटी, यूपीएससी, सीजीपीएससी, व्याख्याता, प्रोफेसर तथा अन्य शासकीय सेवाओं में करियर बनाने के अवसरों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।
मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान की गई अंकसूची
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि और प्राचार्य द्वारा अंकसूची वितरित कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बधाई दी गई तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

 

टॉपर विद्यार्थियों के सम्मान का किया ऐलान
मुख्य अतिथि देवेंद्र सिंह राठिया ने विद्यार्थियों को अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने की घोषणा करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
ओरिगामी गतिविधि बनी आकर्षण का केंद्र
समर कैंप के अंतर्गत आयोजित रचनात्मक गतिविधियों में ओरिगामी कार्यशाला विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रितु पटेल एवं किरण श्रोते ने विद्यार्थियों को कागज से कलात्मक टोपी एवं अन्य आकृतियां बनाना सिखाया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शिक्षक, अभिभावक और कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए अभिभावकों के साथ विद्यालय के गौरीशंकर निर्मलकर, प्रांजल अजय सिंह, रितेश नेटी, धनसिंह कंवर, कस्तूरी राठिया सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ को स्वल्पाहार वितरित किया गया।

करियर की सही दिशा, सफलता की नई आशा — पीएम श्री विद्यालय करतला में विद्यार्थियों को मिला उज्ज्वल भविष्य का मंत्र”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.