June 1, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

छत्तीसगढ़ में विकास की नई इबारत: हर दिन बन रहे 1600 से अधिक पक्के मकान, 8 लाख महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’ – किरण देव

 

प्रधानमंत्री मोदी के ‘हर गरीब को पक्का घर’ संकल्प को साय सरकार दे रही अभूतपूर्व गति, महिला सशक्तिकरण में भी रचा जा रहा नया इतिहास

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना और ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत मिल रही ऐतिहासिक सफलताओं को गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और सुशासन की बड़ी उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश का कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में रहने को मजबूर न रहे। इसी संकल्प को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। आज प्रदेश में प्रतिदिन 1600 से अधिक पक्के मकानों का निर्माण होना इस बात का प्रमाण है कि सरकार गरीबों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
10.60 लाख से अधिक परिवारों का घर का सपना हुआ साकार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों के दौरान प्रदेश में 10 लाख 60 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। यह उपलब्धि केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि लाखों गरीब परिवारों के जीवन में खुशियों और सम्मान की नई शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में आवास निर्माण कार्यों को और गति देने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा 2677.15 करोड़ रुपये की राशि सभी जिलों को जारी की गई है। यह राशि पूरी पारदर्शिता के साथ एसएनए स्पर्श मॉड्यूल के माध्यम से वितरित की गई है, जिससे हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके।
8.46 लाख नए आवासों की स्वीकृति, विकास को मिलेगी और रफ्तार
किरण देव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को 8 लाख 46 हजार 931 नए आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे आने वाले समय में लाखों और परिवारों को पक्के घर की सुविधा मिलेगी तथा प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास को नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार अंत्योदय की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों तथा आत्मसमर्पित नक्सलियों के परिवारों को भी पक्के मकान उपलब्ध कराकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
‘लखपति दीदी’ योजना से बदल रही महिलाओं की तस्वीर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में चल रही ‘लखपति दीदी’ योजना छत्तीसगढ़ में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। राज्य की लाखों महिलाएं आज स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और अपने परिवारों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 8 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जबकि सरकार ने 10 लाख महिलाओं को इस श्रेणी में शामिल करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।
निर्माण सामग्री आपूर्ति से 10 हजार से अधिक महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर
किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण सामग्री की आपूर्ति से जुड़े महिला स्व-सहायता समूहों ने भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। केवल निर्माण कार्यों से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से ही 10 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। यह महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास यात्रा की भागीदार बनाने के लिए संकल्पित है। महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए लगातार नई पहल की जा रही हैं।
जनता और मातृशक्ति को दी बधाई
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने इन उपलब्धियों के लिए प्रदेश की जनता, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और विकास कार्यों से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों को सम्मानजनक जीवन, महिलाओं को आत्मनिर्भरता और युवाओं को नए अवसर प्रदान करने की दिशा में जो कार्य हो रहे हैं, वे विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव साबित होंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना और ‘लखपति दीदी’ योजना की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि जब संकल्प मजबूत हो और नेतृत्व जनकल्याण के प्रति समर्पित हो, तब विकास केवल घोषणा नहीं बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाली वास्तविकता बन जाता है।

“2677 करोड़ की राशि जारी, 8.46 लाख नए आवास स्वीकृत, 10 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा छत्तीसगढ़”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.