वैष्णव बैरागी समाज ने भरी विकास और एकता की नई हुंकार



भव्य शपथ ग्रहण समारोह में समाज को संगठित करने, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने का लिया गया संकल्प
Tirentra times Korba**//**// कोरबा। श्री वैष्णव विकास समिति, कोरबा के तत्वावधान में श्री वैष्णव बैरागी समाज का भव्य शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समाज के इस महत्वपूर्ण आयोजन में वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। समारोह का उद्देश्य समाज को अधिक संगठित करना, सामाजिक एकता को मजबूत बनाना तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए नई कार्ययोजना तैयार करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीहरि विष्णु के पूजन-अर्चन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके पश्चात श्री वैष्णव विकास समिति, कोरबा के संरक्षक श्री शिव वैष्णव एवं श्री अजय वैष्णव द्वारा नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष श्री लोमस दास बैरागी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। साथ ही श्री कामेश्वर वैष्णव को उपाध्यक्ष, श्री दिनेश वैष्णव को सचिव तथा श्री नर्मदा वैष्णव को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाकर समाज के हित में निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष श्री लोमस दास बैरागी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संगठन और आपसी सहयोग में निहित होती है। उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बने तथा सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दे। उन्होंने कहा कि समाज के विकास से ही व्यक्ति, परिवार और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य उज्ज्वल बन सकता है। इसलिए सभी लोगों को आपसी मतभेदों को भुलाकर समाज हित में एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज को केवल पारंपरिक आयोजनों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी सशक्त पहल की जाएगी। समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, युवाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने की योजना बनाई जाएगी, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा और मार्गदर्शन मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। समाज की महिलाओं ने भी सामाजिक विकास और संगठन को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संकल्प लिया। सभी महिलाओं का स्वागत पार्षद श्रीमती वर्षा वैष्णव द्वारा पुष्पहार पहनाकर किया गया। उन्होंने महिलाओं को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में समाज को ब्लॉक एवं ग्राम स्तर तक संगठित करने, नए पदाधिकारियों की नियुक्ति, महिला उत्थान, युवा शक्ति के विकास, सामाजिक समरसता, आर्थिक उन्नति तथा शैक्षणिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज के युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए, जिससे समाज को नई दिशा और ऊर्जा प्राप्त हो सके।
समारोह में उपस्थित वरिष्ठजनों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज के संगठनात्मक विस्तार, सामाजिक जागरूकता और एकजुटता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज की मजबूती के लिए सभी लोगों का संगठित होना अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक व्यक्ति को समाज हित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संरक्षक मंडल के सदस्य अजय दास वैष्णव, शिव वैष्णव, युवराज वैष्णव, विमल वैष्णव, ईश्वर वैष्णव, केशव वैष्णव, अरुण वैष्णव, अखिलेश वैष्णव, श्याम वैष्णव, राकेश वैष्णव, मोहर दास वैष्णव, रामायण वैष्णव, ओमप्रकाश वैष्णव, हरीश वैष्णव, राजेंद्र वैष्णव, गेंददास वैष्णव, राजेश वैष्णव, मोरध्वज वैष्णव, पुरुषोत्तम वैष्णव, भुनेश्वर वैष्णव एवं जितेंद्र वैष्णव सहित समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
महिलाओं में पार्षद श्रीमती वर्षा वैष्णव, श्रीमती ममता बैरागी, डॉ. आस्था वैष्णव, श्रीमती मंजुला वैष्णव, श्रीमती दिव्या वैष्णव, श्रीमती पूर्णिमा वैष्णव, दीपावली वैष्णव, श्रीमती राखी, श्रीमती रजनी, श्रीमती अंजू, श्रीमती मीनू एवं श्रीमती रानी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के अंत में समाज की उन्नति, एकता, समृद्धि एवं सामाजिक उत्थान के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। लगभग 200 से अधिक समाजजनों की उपस्थिति में संपन्न यह आयोजन समाज की एकजुटता, जागरूकता और संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक बनकर उभरा। उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नया नेतृत्व समाज को विकास, प्रगति और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


