August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

अचानक बदला मौसम का मिजाज: अजगर बहार में आधी घंटे तक चला तूफान, मूसलाधार बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि

1 min read

 

 

तेज आंधी और बर्फबारी (ओलावृष्टि) से जनजीवन प्रभावित, किसानों और ग्रामीणों में चिंता
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  कोरबा। जिले के अजगर बहार क्षेत्र में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को हैरान कर दिया। भीषण गर्मी के बीच दोपहर बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक चली इस तेज बारिश के दौरान ओलावृष्टि भी हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवाओं की रफ्तार इतनी अधिक थी कि कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। बारिश और ओलावृष्टि के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोग दुकानों एवं मकानों में शरण लेने को मजबूर हो गए।

 

 

अचानक हुई इस बारिश और ओलावृष्टि से क्षेत्र का तापमान तेजी से नीचे आ गया और भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि किसानों के लिए यह मौसम चिंता का विषय बन गया है। खेतों में रखी उपज तथा सब्जी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहा तो कृषि कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
तूफान के दौरान कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। तेज हवाओं के कारण विद्युत लाइनों पर असर पड़ने से कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
मौसम के अचानक बदले इस रूप ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि इन दिनों मौसम पूरी तरह अस्थिर बना हुआ है। अजगर बहार क्षेत्र में हुई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.