दीपेश साहू मामले पर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, सांसद लक्ष्मी वर्मा बोलीं – “तथ्यहीन बयान देकर भ्रम फैला रहे हैं बैज”



मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा ने घेरा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को, कहा – कुर्सी बचाने की राजनीति में कर रहे अनर्गल आरोप
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में विधायक दीपेश साहू के विवाह को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा दिए गए बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा की राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कांग्रेस पर राजनीतिक भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना तथ्य और जानकारी के लगातार बयानबाजी करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है।
सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज इन दिनों अपनी राजनीतिक स्थिति को लेकर इतने असहज दिखाई दे रहे हैं कि वे हर विषय पर बिना तथ्यों की जांच किए बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके जनप्रतिनिधियों को बदनाम करने के उद्देश्य से लगातार भ्रामक आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि वास्तविकता कुछ और ही है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह जानने की कोशिश की कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत संबंधित विवाह का पंजीयन किस परिस्थिति में और किसके द्वारा कराया गया? यदि कन्या पक्ष आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग या गरीबी रेखा के अंतर्गत आता है और परिवार ने योजना के तहत आवेदन किया है, तो इसमें आपत्ति की क्या बात है? केवल इस वजह से कि विवाह एक विधायक से हो रहा है, पूरे मामले को राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है।
सांसद वर्मा ने कहा कि विधायक दीपेश साहू पर गरीबों का हक छीनने का आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यविहीन है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से आग्रह किया कि वे सार्वजनिक मंचों पर बयान देने से पहले तथ्यों की जानकारी अवश्य लें। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आरोपों की राजनीति नहीं, बल्कि सच्चाई और विकास की राजनीति को समझने लगी है।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं की अनेक घटनाएं सामने आई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन्होंने अपने शासनकाल में सरकारी व्यवस्था को कमजोर किया, वे आज हर जनकल्याणकारी योजना में भी राजनीति तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को हर अच्छी पहल में भी खामियां ही नजर आती हैं।
लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज के जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने वाली महत्वपूर्ण योजना है और इसे राजनीतिक विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और विपक्ष को निराधार आरोपों के बजाय सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए।


