August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की सौगात, 1 करोड़ 80 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण संपन्न

1 min read

 

 

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत की मौजूदगी में विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को मिली गति
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार देते हुए शुक्रवार को विभिन्न वार्डों में लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने की।
इस अवसर पर निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में सड़क, सामुदायिक भवन, मंच, शौचालय, अतिरिक्त कक्ष, ओव्हरब्रिज सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न जनसुविधा से जुड़े कार्यों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 7 में गायत्री स्कूल से आलू गोदाम तक पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य कराया जाएगा, वहीं सिंधी मोहल्ला क्षेत्र में मंच निर्माण का कार्य भी स्वीकृत किया गया। वार्ड क्रमांक 6 के प्राथमिक विद्यालय सीतामणी में बालिका शौचालय निर्माण की आधारशिला रखी गई। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 8 के मोतीसागरपारा से गोकुलगंज तक सड़क डामरीकरण कार्य भी प्रारंभ किया गया।

 

 

वार्ड क्रमांक 1 स्थित बालक मिडिल स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, वार्ड क्रमांक 5 इंदिरा नगर में सतनामी समाज के लिए सामुदायिक भवन, वार्ड क्रमांक 14 अमरैयापारा स्वास्थ्य केंद्र में शौचालय एवं अतिरिक्त सुविधाओं के विकास कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। इसके अलावा मिशन रोड क्षेत्र में डोम एवं सामुदायिक भवन निर्माण तथा पेट्रोल पंप के पास ओव्हरब्रिज सौंदर्यीकरण कार्य को भी स्वीकृति मिली।
इसी दौरान कुछ पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण भी अतिथियों द्वारा किया गया। इनमें अमरैयापारा क्षेत्र में निगम भवन के ऊपर आरसीसी छत एवं विस्तार कार्य, रानी गेट दशहरा मैदान में किचन शेड एवं शौचालय निर्माण, रापाखर्रा एवं इमलीडुग्गू क्षेत्र में मंच निर्माण तथा सीतामणी क्षेत्र में नवीन भवन निर्माण प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कोरबा के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार बड़ी राशि स्वीकृत की जा रही है और लगभग हर वार्ड में करोड़ों रुपये के विकास कार्य संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों और मोदी की गारंटी को सरकार ने पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। श्री देवांगन ने कहा कि महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत लगातार सक्रियता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान कराने में जुटी हुई हैं तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए प्रत्येक वादे को पूरा कर रही है। महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर माह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है और प्रदेश में विकास कार्यों को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में कोरबा विकास की गति से पिछड़ गया था, लेकिन अब नगर निगम क्षेत्र में तेजी से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उद्योग मंत्री एवं महापौर के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के सभी 67 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। वहीं वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने कहा कि पहले छोटे विकास कार्यों के लिए भी संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन अब करोड़ों रुपये के विकास कार्य आसानी से स्वीकृत हो रहे हैं और जनता को उसका सीधा लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद राधा महंत, उपेंद्र पटेल, रूबीदेवी सागर, युगल कैवर्त, टामेश अग्रवाल, ईश्वर पटेल, प्रभा टीकम राठौर, धनश्री साहू, सरोज शांडिल्य, मुकुंद सिंह कंवर, रामशंकर साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.