भाजपा जवाली मंडल में संगठन को मिली नई धार, चुलेश्वर राठौर के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह



परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठक में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और आगामी रणनीति पर हुआ मंथन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा जवाली। भारतीय जनता पार्टी जवाली मंडल की महत्वपूर्ण परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठक गुरुवार सुबह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, आगामी चुनावी रणनीति तैयार करने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रेरणास्रोत महापुरुषों के तेल चित्रों पर पूजा-अर्चना, तिलक-चंदन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात स्वागत एवं परिचय सत्र आयोजित हुआ, जिसमें जवाली मंडल अंतर्गत आने वाले 37 बूथों के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने ग्रामवार अपना परिचय देते हुए संगठन में निभाए जा रहे दायित्वों की जानकारी साझा की।
बैठक में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, शक्ति केंद्रों तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी राजनीतिक तैयारियों को लेकर गंभीर चर्चा हुई।

बैठक के बाद संगठन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व द्वारा नियुक्त नवमंडल प्रभारी चुलेश्वर राठौर का प्रथम आगमन भी चर्चा का केंद्र रहा। छींदपुर हरदी बाजार निवासी वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं लंबे समय से संगठन में सक्रिय जुझारू कार्यकर्ता श्री राठौर को जवाली मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्री राठौर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय वर्ष प्रशिक्षित स्वयंसेवक हैं तथा बूथ स्तर से संगठन में सक्रिय रहकर भाजपा के विभिन्न दायित्वों का सफल निर्वहन कर चुके हैं। स्नातक शिक्षित श्री राठौर को आगामी चुनाव तक जवाली मंडल में संगठन विस्तार, बूथ सुदृढ़ीकरण और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में उनके संगठनात्मक अनुभव और कार्ययात्रा की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी गई। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती के कारण पार्टी ने पिछले चुनाव में लगभग 5000 वोटों के अंतर को कम करते हुए करीब 500 वोटों की बढ़त हासिल की थी, जो कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
अपने संबोधन में नव नियुक्त मंडल प्रभारी चुलेश्वर राठौर ने मंडल अंतर्गत सभी नौ शक्ति केंद्रों एवं पंचायतों की संगठनात्मक जानकारी प्राप्त की तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और समर्पण को सदैव सम्मान देना चाहिए तथा बूथ स्तर से कार्य करने वाले कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक ताकत होते हैं।
उन्होंने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्रहित और जनसेवा की विचारधारा से जुड़ा विशाल संगठन है। कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार सक्रिय रहना होगा।
बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा भी तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि प्रथम सप्ताह में मंडल बैठक, द्वितीय सप्ताह में युवा मोर्चा बैठक, तृतीय सप्ताह में शक्ति केंद्र एवं महिला मोर्चा बैठक तथा चतुर्थ सप्ताह में मन की बात, टिफिन बैठक एवं अन्य संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
साथ ही यह भी तय किया गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और आम जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता निरंतर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बैठक में मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष, सह-कोषाध्यक्ष, कार्यालय प्रभारी, सह कार्यालय प्रभारी, मीडिया प्रभारी, मन की बात प्रमुख, मोर्चा पदाधिकारी, बूथ प्रभारी सहित बड़ी संख्या में ज्येष्ठ एवं श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


