कोरबा में विकास का मेगा ब्लास्ट, 4 करोड़ 85 लाख के कार्यों से बदलेगी वार्डों की तस्वीर



उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण, सड़कों से लेकर अत्याधुनिक दाहगृह तक मिलेगी नई सौगात
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को शहर के विभिन्न वार्डों को 4 करोड़ 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 3 करोड़ 75 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जबकि 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक लागत के कार्य का लोकार्पण भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान शहर के विकास को नई दिशा देने वाले कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की गई। इनमें वार्ड क्रमांक 04 राताखार पुल से बजरंग चौक होते हुए बाईपास सड़क तक 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क सबसे प्रमुख रही। इस सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को जर्जर मार्ग और धूल-मिट्टी की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 04 स्थित राताखार सतनाम भवन परिसर में 15 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष एवं किचन शेड का निर्माण कराया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 03 राताखार मुक्तिधाम में 45 लाख रुपये की लागत से आधुनिक व प्रदूषण मुक्त दाहगृह की स्थापना, संचालन एवं संधारण कार्य कराया जाएगा, जिससे अंतिम संस्कार व्यवस्था अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बन सकेगी।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया स्थित ब्रह्मकुमारी प्रजापति आश्रम के पास 10 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 17 भैंसखटाल ढोढ़ीपारा में नहर किनारे सांस्कृतिक मंच एवं अन्य विस्तार कार्य 6 लाख रुपये की लागत से कराए जाएंगे। साथ ही वार्ड क्रमांक 03 अंतर्गत लगभग 99 लाख 78 हजार रुपये की लागत से टीपी नगर जोन कार्यालय भवन का निर्माण भी कराया जाएगा।
वहीं नगर निगम क्षेत्रांतर्गत सेंट्रल स्टोर से स्टेडियम चौक तक रेलिंग युक्त डिवाइडर एवं विद्युतीकरण कार्य, जिसकी लागत लगभग 1 करोड़ 09 लाख 51 हजार रुपये है, उसका लोकार्पण भी उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत के करकमलों से किया गया।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों को ऐतिहासिक सौगात दी थी और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य को नई पहचान देने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश ने विकास की मजबूत नींव रखी थी। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में विकास की गति धीमी पड़ गई थी, लेकिन पिछले दो वर्षों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य ने फिर से तेज विकास की दिशा पकड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग, अधोसंरचना और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से गरीब परिवारों का जीवन स्तर लगातार बेहतर हो रहा है।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 67 वार्डों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं और विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जा रही। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन लगातार विभिन्न मदों से नए विकास कार्य स्वीकृत करा रहे हैं और बीते दो वर्षों में निगम क्षेत्र के लिए लगभग 1 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि राताखार क्षेत्र में 2 करोड़ रुपये की सीसी सड़क का निर्माण स्थानीय नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। साथ ही सर्वमंगला पुल सड़क एवं एप्रोच रोड का कायाकल्प भी तेज गति से किया जा रहा है, जिसका कार्य अगले कुछ दिनों में पूरा हो जाएगा।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उद्योग मंत्री और महापौर के नेतृत्व में कोरबा लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि निगम के सभी वार्डों में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित के कार्य किए जा रहे हैं।
वहीं वार्ड पार्षद रविसिंह चंदेल ने कहा कि राताखार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हो रहे हैं। सीसी सड़क, आधुनिक शवदाह गृह एवं अन्य सुविधाओं से क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली है। उन्होंने कहा कि राताखार की बेटी आज शहर की महापौर बनकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दे रही हैं, यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी, पार्षद रविसिंह चंदेल, लक्ष्मण श्रीवास, सरोज शांडिल्य, मुकुंद सिंह कंवर, ईश्वर पटेल, रामकुमार साहू, प्रेमलता बंजारे, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, योगेश मिश्रा, वैभव शर्मा, पूर्व पार्षद दीपा राठौर, मनोज राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल रहे।


