August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

जगदलपुर में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व महिला जिला अध्यक्ष कमल झज्ज समेत 14 कार्यकर्ताओं ने छोड़ा हाथ का साथ

1 min read

 

भाजपा कार्यालय में हुआ जोरदार शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भगवा गमछा पहनाकर कराया प्रवेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// जगदलपुर। इंदिरा वार्ड उपचुनाव के बीच बस्तर की राजनीति में गुरुवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब कांग्रेस की पूर्व महिला जिला अध्यक्ष कमल झज्ज ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ 14 महिला एवं सक्रिय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई है।
जगदलपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की मौजूदगी में सभी कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा। प्रदेश अध्यक्ष ने नवप्रवेशियों को भगवा गमछा पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर पार्टी में स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों के साथ नवप्रवेशियों का अभिनंदन किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रसेवा, विकास और जनकल्याण की विचारधारा पर कार्य कर रही है। यही कारण है कि लगातार विभिन्न दलों के कार्यकर्ता भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल हुए सभी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राजनीतिक जानकार इस घटनाक्रम को कांग्रेस के लिए बड़ा झटका मान रहे हैं, क्योंकि कमल झज्ज लंबे समय तक महिला कांग्रेस की सक्रिय नेता रही हैं और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती रही है। उनके साथ कई महिला कार्यकर्ताओं का भाजपा में जाना आगामी चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने वाला कदम माना जा रहा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय एवं महापौर संजय पाण्डेय ने भी सभी नवप्रवेशियों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा की रीति-नीति और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए कार्यकर्ताओं के आने से संगठन और अधिक मजबूत होगा।
भाजपा में शामिल होने वालों में पूर्व एल्डरमैन अम्मा जी राव, पूनम यादव, मंजू कश्यप, वसुंधरा आचार्य, रिंकी शर्मा, अनुसुइया शर्मा, भाग्यश्री महाजन, रजनी शर्मा, कला नेताम, सरस्वती बघेल, सोना शर्मा, सागर साहू एवं कान्ता जैन प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही, परीस बेसरा, सफीरा साहू, आलोक अवस्थी, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, शशिनाथ पाठक, अतुल सिम्हा, संजय चंद्राकर, ममता राणा, आशा साहू, ब्रिजेश शर्मा, रिंकू पाण्डेय, श्रीपाल जैन, अभिलाष यादव, अभिषेक तिवारी, अमित कपूर, आशुतोष आचार्य, आदर्श ठाकुर, ब्रिजेश कपूर, रमेश नायडू, उदय दुबे, शरद श्रीवास्तव, अच्युत सामंत, मनी विक्रम नायडू, रोहन घोष, योगेश पाणिग्रही एवं उत्तम साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जगदलपुर की राजनीति में इस घटनाक्रम को भाजपा की बड़ी संगठनात्मक सफलता के रूप में देखा जा रहा है, वहीं कांग्रेस के लिए इसे संगठनात्मक कमजोरी और बढ़ती अंदरूनी नाराजगी का संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.