May 28, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, जोगीपाली में चल रहा अवैध उत्खनन पकड़ा गया

 

खनिज विभाग की दबिश से मचा हड़कंप, पोकलेन मशीन और हाईवा जप्त, संलिप्तों पर कड़ी कार्रवाई शुरू
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। जिले में अवैध रेत उत्खनन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत जोगीपाली, तहसील बरपाली क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग की टीम ने त्वरित दबिश देकर मौके से भारी मशीनरी और वाहन जप्त किए हैं। इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार खनिज विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जोगीपाली क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर भारी मशीनों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। शिकायत मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जांच की।

 

निरीक्षण के दौरान रेत खदान क्षेत्र में मशीनों से अवैध उत्खनन किए जाने की पुष्टि हुई। कार्रवाई करते हुए विभागीय टीम ने अवैध खनन में प्रयुक्त 01 चौन माउंटेन पोकलेन मशीन एवं 01 हाईवा वाहन को जप्त कर लिया। इसके बाद छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन में संलिप्त संचालकों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिलेभर में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ और भी व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने दो टूक कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध रेत कारोबार में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां भी शिकायत मिलेगी वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं में भारी बेचैनी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.