May 23, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“सात दिन से सूखी नलियां, प्यास से बेहाल जनता” — रहमानिया नगर में जल संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा

 

भीषण गर्मी में पानी के लिए दर-दर भटक रहे वार्डवासी, नगर पालिका पहुंचकर किया हंगामा — जिम्मेदार अधिकारियों पर उठे सवाल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  कटघोरा/कोरबा। भीषण गर्मी के बीच कटघोरा नगर पालिका के रहमानिया नगर वार्ड में गहराए जल संकट ने लोगों का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले एक सप्ताह से वार्ड में जलापूर्ति बंद होने के कारण हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। सुबह से लेकर देर रात तक महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे पानी की तलाश में भटकने को मजबूर हैं, वहीं प्रशासनिक लापरवाही को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब लगातार भीषण गर्मी पड़ रही थी और तापमान चरम पर था, तब संबंधित विभाग और जल आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों ने समय रहते कोई वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की? आखिर ऐसी नौबत आने तक जिम्मेदार विभाग हाथ पर हाथ धरे क्यों बैठा रहा? वार्डवासियों का आरोप है कि यदि समय पर पाइप लाइन, मोटर या जल स्रोतों की निगरानी और मरम्मत की जाती, तो आज लोगों को इस गंभीर संकट का सामना नहीं करना पड़ता।
जल संकट से परेशान रहमानिया नगर के दर्जनों नागरिक एकजुट होकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और जमकर नाराजगी जताई। लोगों ने प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल जलापूर्ति बहाल करने की मांग की। वार्डवासियों का कहना था कि घरों में पीने तक का पानी नहीं बचा है, जबकि छोटे बच्चों और बुजुर्गों की हालत सबसे ज्यादा खराब हो रही है।
स्थिति की गंभीरता सामने आने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनता को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है और इस प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलापूर्ति व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कर वार्ड में नियमित पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
वार्डवासियों ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि जो हालात आज रहमानिया नगर की जनता झेल रही है, यदि यही स्थिति विभाग के इंजीनियरों और जिम्मेदार अधिकारियों के घरों में पैदा हो जाए, तब उन्हें इस पीड़ा का एहसास होगा। लोगों का कहना है कि जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहती है ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी भयावह स्थिति उत्पन्न न हो।
नगर पालिका प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल संकट को दूर करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है और जल्द ही वार्ड में पानी की आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। हालांकि लोगों का कहना है कि अब केवल वादों से काम नहीं चलेगा, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होना भी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.