August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

ग्रीन कॉरिडोर के लिए निगम की बड़ी कार्रवाई, महाराणा प्रताप चौक से हटे अतिक्रमण, अब घंटाघर तक चलेगा अभियान!

1 min read

 

सड़क किनारे कब्जों पर चला बुलडोजर, फुटपाथ और पार्किंग घेरने वालों पर भी सख्ती की मांग तेज
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  कोरबा। शहर को व्यवस्थित, सुंदर और यातायात बाधामुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाते हुए महाराणा प्रताप चौक एवं बुधवारी बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की व्यापक कार्रवाई की। निगम अमला भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचा, जहां सड़क किनारे लंबे समय से जमे ठेले, गुमटियां और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और कई व्यापारियों ने सामान समेटने की जल्दबाजी की।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि महाराणा प्रताप चौक से जुड़े क्षेत्र को ग्रीन कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत सड़क किनारे हरियाली विकसित करने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहर की सुंदरता बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसी योजना के तहत अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया।
निगम अधिकारियों के अनुसार कई दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को पहले ही नोटिस जारी कर स्थान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर सख्त कार्रवाई करनी पड़ी। निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व में चिन्हित फुटकर व्यापारियों के लिए व्यवस्थित दुकानें एवं स्थान उपलब्ध कराए जा चुके हैं, इसके बावजूद कई लोग दोबारा सड़क किनारे कब्जा कर व्यवसाय संचालित कर रहे थे।
शहरवासियों का कहना है कि केवल ठेले और गुमटियां हटाने से व्यवस्था पूरी तरह नहीं सुधरेगी। महाराणा प्रताप चौक से लेकर घंटाघर तक कई दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों का सामान सड़क और फुटपाथ तक फैला देते हैं। कई स्थानों पर दुकानों के सामने चेन लगाकर स्थायी रूप से पार्किंग रोक दी गई है, वहीं कुछ लोगों ने बोर्ड लगाकर जगह को निजी पार्किंग जैसा बना लिया है, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने मांग की है कि निगम को ऐसे कब्जों और अवैध अवरोधों पर भी समान रूप से कार्रवाई करनी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क, फुटपाथ और पार्किंग सार्वजनिक सुविधा के लिए होती है, लेकिन कुछ व्यापारियों द्वारा इन्हें निजी उपयोग में लेने से यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। यदि निगम वास्तव में शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाना चाहता है, तो महाराणा प्रताप चौक से घंटाघर तक व्यापक अभियान चलाकर सड़क किनारे रखे सामान, अवैध चेन, बोर्ड और कब्जों को भी हटाना होगा।
नगर निगम ने संकेत दिए हैं कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में आगे भी लगातार अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा। निगम का कहना है कि यातायात सुधार, सौंदर्यीकरण और आम नागरिकों की सुविधा के लिए किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.