August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“प्रधानमंत्री और महिला राष्ट्रप्रमुख पर टिप्पणी कर कांग्रेस ने गिराया राजनीतिक स्तर” — रूपकुमारी चौधरी का तीखा हमला

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा भाजपा का पलटवार : “दीपक बैज का बयान कांग्रेस की महिला-विरोधी और विकृत मानसिकता का खुला प्रमाण”
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लेकर दिए गए बयान पर छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पर तीखा हमला बोलते हुए उनके बयान को “अमर्यादित, अशोभनीय और महिला-विरोधी मानसिकता का परिचायक” बताया है।
रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विदेश दौरा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, मजबूत कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव का प्रतीक है, लेकिन कांग्रेस नेताओं को देश की उपलब्धियों से परेशानी होने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब वैचारिक और राजनीतिक रूप से पूरी तरह दिवालिया हो चुकी है, इसलिए उसके नेता सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए देश के सर्वोच्च पद और महिला राष्ट्रप्रमुखों तक पर अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं।
“हनीमून जैसे शब्द का इस्तेमाल बेहद शर्मनाक”
भाजपा सांसद ने कहा कि सोशल मीडिया पर चर्चित “मेलोनी-मेलोडी” रील को लेकर दीपक बैज द्वारा “हनीमून” जैसे शब्दों का प्रयोग करना न केवल राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन है, बल्कि यह एक महिला राष्ट्रप्रमुख के सम्मान पर भी सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की भाषा अब पूरी तरह से स्तरहीन हो चुकी है और यह भारतीय संस्कृति तथा सामाजिक मूल्यों के खिलाफ है।
रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति हमेशा महिलाओं के सम्मान, शालीनता और मर्यादित संवाद के लिए जानी जाती रही है, लेकिन बैज के बयान ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति को मजाक और सोशल मीडिया के नजरिए से देखने वाली कांग्रेस देशहित की गंभीरता को कभी समझ ही नहीं सकती।
“मोदी जब देश का मान बढ़ाते हैं, कांग्रेस को होती है तकलीफ”
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कांग्रेस पर हमला तेज करते हुए कहा कि जब-जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक मंचों पर भारत की ताकत और प्रतिष्ठा बढ़ाते हैं, तब-तब कांग्रेस बौखला जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न कोई ठोस नीति बची है, न नेतृत्व और न ही जनसमर्थन, इसलिए अब वह केवल बयानबाजी और व्यक्तिगत टिप्पणियों की राजनीति कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की हताशा अब सार्वजनिक रूप से दिखाई देने लगी है और इसी कारण वे शिष्टाचार, लोकतांत्रिक मर्यादा और भारतीय परंपराओं की सीमाएं लगातार लांघ रहे हैं।
“कांग्रेस नेतृत्व बताए, क्या वह इस सोच के साथ है?”
रूपकुमारी चौधरी ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से सीधा सवाल पूछते हुए कहा कि क्या पार्टी अपने प्रदेश अध्यक्ष की इस “घटिया और अभद्र सोच” का समर्थन करती है? उन्होंने मांग की कि यदि कांग्रेस वास्तव में महिलाओं के सम्मान की बात करती है, तो दीपक बैज के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि देश और छत्तीसगढ़ की जनता प्रधानमंत्री और किसी भी महिला राष्ट्रप्रमुख के खिलाफ इस प्रकार की स्तरहीन टिप्पणी को कभी स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस को अपनी इस बयानबाजी के लिए देश की जनता, छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा ने स्पष्ट कहा कि राजनीति में वैचारिक विरोध स्वीकार्य है, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणी कर कांग्रेस ने शालीनता की सभी सीमाएं पार कर दी हैं, जिसका जवाब जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.