August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“बस्तर को विकास की नई पहचान देने निकले अमित शाह, कांग्रेस बना रही रोड़े” — देवलाल ठाकुर का तीखा हमला

1 min read

 

भाजपा का आरोप — “कांग्रेस ने दशकों तक बस्तर को नक्सलवाद, भय और पिछड़ेपन में झोंककर रखा”
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  रायपुर। बस्तर के विकास, नक्सलवाद के खात्मे और आदिवासी समाज को मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर को विकसित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर क्षेत्र बनाने का जो संकल्प लिया है, उससे कांग्रेस पार्टी घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि बस्तर में शांति स्थापित हो और आदिवासी समाज आर्थिक रूप से मजबूत बने।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि बस्तर अब परिवर्तन के दौर में प्रवेश कर चुका है। वर्षों तक नक्सल हिंसा, भय और अविकास झेलने वाले इस क्षेत्र को अब भाजपा सरकार विकास की मुख्यधारा में तेजी से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समय सीमा तय कर स्पष्ट संदेश दिया है कि आने वाले वर्षों में बस्तर देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में शामिल होगा।
“नक्सलवाद खत्म, अब विकास की निर्णायक लड़ाई”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार बस्तर के गांव-गांव तक विकास पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, फूड प्रोसेसिंग, लघु उद्योग, सहकारिता और आदिवासी उद्यमिता को केंद्र में रखकर व्यापक कार्ययोजना बनाई जा रही है।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह लगातार बस्तर का दौरा कर रहे हैं, सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ा रहे हैं और विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब सरकार की प्राथमिकता केवल नक्सलवाद का खात्मा नहीं, बल्कि बस्तर के युवाओं को रोजगार, किसानों को बाजार और आदिवासी समाज को आर्थिक समृद्धि से जोड़ना है।
“कांग्रेस को आदिवासी विकास नहीं, सिर्फ वोट बैंक की चिंता”
भाजपा ने कांग्रेस पर आदिवासी समाज को वर्षों तक केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने कभी नहीं चाहा कि आदिवासी समाज आत्मनिर्भर बने, क्योंकि यदि बस्तर के लोग शिक्षित, जागरूक और आर्थिक रूप से मजबूत हो जाएंगे तो कांग्रेस की राजनीति खत्म हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं ने समय-समय पर नक्सलियों के प्रति नरम रुख अपनाया और अप्रत्यक्ष समर्थन दिया। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बस्तर के विकास की बजाय वहां भय और अस्थिरता की राजनीति को बढ़ावा दिया, ताकि क्षेत्र हमेशा पिछड़ा बना रहे।
“बस्तर के युवा अब बंदूक नहीं, रोजगार और विकास चाहते हैं”
देवलाल ठाकुर ने कहा कि आज बस्तर का युवा बदल चुका है। वह हिंसा नहीं, अवसर चाहता है। भाजपा सरकार बस्तर के युवाओं को स्वरोजगार, उद्योग और आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग यूनिट, वन उत्पाद आधारित उद्योग, महिला स्व-सहायता समूह और सहकारी गतिविधियों के माध्यम से हजारों परिवारों को आर्थिक मजबूती देने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में विपक्ष को भी विकास की इस मुहिम में साथ आना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस लगातार भ्रम फैलाने और राजनीतिक विरोध करने में लगी हुई है। भाजपा ने दावा किया कि बस्तर अब भय, बंदूक और खून-खराबे की पहचान से निकलकर विकास, विश्वास और समृद्धि की नई पहचान बनने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.