May 21, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कांग्रेस पर भाजपा का बड़ा हमला : “हर बड़े अपराध और घोटाले के पीछे कांग्रेस नेताओं का हाथ” — डॉ. विजय शंकर मिश्रा

 

भाजपा का आरोप — “प्रदेश की शांत फिजा बिगाड़ने में जुटी कांग्रेस, घरों में काम करने वालों तक को बना रही अपराधी”
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//   रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराधों के पीछे कई कांग्रेसी नेताओं और उनके कार्यकर्ताओं की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब केवल राजनीतिक षड्यंत्र तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रदेश की सामाजिक शांति और कानून व्यवस्था को भी प्रभावित करने का काम कर रही है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की मानसिकता अब इस स्तर तक पहुंच चुकी है कि वे अपने घरों में काम करने वाले लोगों को भी अपराध की दुनिया में धकेलने लगे हैं। उन्होंने भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि आरोपी का एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता के घर लगातार आना-जाना था और उसके पिता भी कांग्रेस नेता के यहां काम करते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह घटनाक्रम साफ संकेत देता है कि अपराधियों को संरक्षण देने और उन्हें बढ़ावा देने का काम कांग्रेस के लोग कर रहे हैं।
“कांग्रेस का इतिहास घोटालों, भ्रष्टाचार और अपराध से भरा”
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासन के दौरान भ्रष्टाचार और अवैध वसूली का ऐसा नेटवर्क खड़ा किया गया, जिसकी जांच आज केंद्रीय एजेंसियां कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा प्रदेश में सामने आए कथित ₹540 करोड़ के कोयला लेवी घोटाले ने कांग्रेस की असलियत जनता के सामने उजागर कर दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने आए और ED द्वारा उनके परिसरों पर छापेमारी की गई। भाजपा का आरोप है कि अवैध कोयला लेवी से वसूली गई राशि का उपयोग कांग्रेस पार्टी फंड और चुनावी गतिविधियों में किया गया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि इस पूरे मामले में सतीश अग्रवाल तथा आर.पी. सिंह के ठिकानों पर भी जांच एजेंसियों ने कार्रवाई की थी। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं और उनके करीबी लोगों ने सत्ता का उपयोग कर प्रदेश में भ्रष्टाचार की जड़ें मजबूत कीं।
विधायक से लेकर पार्षद तक पर लगे गंभीर आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस नेताओं पर लगे विभिन्न आपराधिक मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि जनवरी 2026 में कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को जांजगीर-चांपा जिले में एक किसान से लगभग 43 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि यह मामला उस समय का है जब वे जिला सहकारी समिति में प्रबंधक थे।
इसके अलावा अगस्त 2024 में देवेंद्र यादव को बलौदाबाजार हिंसा और कलेक्ट्रेट भवन में आगजनी मामले में गिरफ्तार किया गया था। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं की राजनीतिक गतिविधियां लगातार हिंसक घटनाओं से जुड़ती रही हैं।
डॉ. मिश्रा ने आगे कहा कि जून 2025 में अरुण तिवारी और बृजमोहन सिंह को सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वहीं रायपुर में लूट के एक मामले में कांग्रेस पार्षद ओम प्रकाश साहू का नाम सामने आने के बाद पार्टी को उन्हें निलंबित करना पड़ा।
“अब जनता कांग्रेस का असली चेहरा पहचान चुकी है”
भाजपा प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में घटित अधिकांश गंभीर घटनाओं में कहीं न कहीं कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं या उनसे जुड़े लोगों का नाम सामने आता रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनता की सेवा करने वाली पार्टी नहीं, बल्कि अपराध और अराजकता को संरक्षण देने वाली राजनीतिक ताकत बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता अब कांग्रेस का वास्तविक चेहरा पहचान चुकी है और आने वाले समय में जनता ऐसे लोगों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। भाजपा ने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.