श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा, श्रद्धा और भक्ति से गुंजायमान हुआ सप्तदेव मंदिर परिसर



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। रेलवे स्टेशन स्थित श्रीहनुमान मंदिर परिसर में आयोजित सार्वजनिक श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर रविवार को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा के प्रथम दिवस प्रसिद्ध कथावाचक श्री कृष्णा द्विवेदी महाराज के आगमन पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया। कथा प्रारंभ होने से पूर्व महाराज श्री सप्तदेव मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कलश पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा में मातृशक्ति ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। जय श्रीराम, राधे-राधे एवं भागवत कथा के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
इस धार्मिक आयोजन में छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल महिला संगठन, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंडल कोरबा शाखा एवं सप्तदेव मंदिर महिला मंडल की महिलाओं ने संयुक्त रूप से महाराज श्री, यजमान परिवार और श्रद्धालु महिलाओं का आत्मीय सम्मान किया। मंगलगीत, आरती एवं स्वागत समारोह ने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ा दिया।

आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई थीं। बंगाल की प्रसिद्ध झालमुड़ी, “मोदी की चाय” और शरबत का वितरण किया गया, जिसका उपस्थित भक्तों ने आनंद लिया। आयोजन में सेवा कार्यों और व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम में अशोक मोदी, राजा मोदी, सरला मित्तल, प्रीति मोदी, ज्योति यादव, मनमाली शर्मा, सोमदत्त द्विवेदी, आशिष सिंह ठाकुर, शरद दीक्षित, शीतल कौर, बिमला अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी, महिला सदस्य एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक समरसता से परिपूर्ण इस आयोजन ने समाज में एकता और सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा का प्रेरणादायी संदेश दिया।


