मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद : कोरबा प्रशासन अलर्ट, मरीजों से दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने की अपील



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//कोरबा। देशभर में ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में 20 मई 2026 को प्रस्तावित एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद को लेकर कोरबा जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। राष्ट्रीय संगठन All India Organisation of Chemists and Druggists के आह्वान पर होने वाले इस बंद में देशभर के लगभग 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट और औषधि वितरक शामिल रहेंगे।
इसी क्रम में जिला Korba Chemists and Druggists Association द्वारा भी एकदिवसीय दवा व्यापार बंद की अग्रिम सूचना का ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय कोरबा में सौंपा गया है। बंद की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
गंभीर मरीज पहले से रखें दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक
उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, अस्थमा, हृदय रोग, कैंसर, मिर्गी तथा अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज अपनी रोजमर्रा में उपयोग होने वाली दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक पहले से सुरक्षित रख लें, ताकि बंद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही अस्थमा इनहेलर, जीवनरक्षक दवाइयां, बच्चों की दवाइयां तथा अन्य आपातकालीन दवाओं को भी पहले से उपलब्ध रखने की सलाह दी गई है।
आपात स्थिति में अस्पतालों से करें संपर्क
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि बंद के दौरान किसी प्रकार की आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होती है, तो मरीज तत्काल अपने नजदीकी अस्पताल, जिला चिकित्सालय अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आम जनता को दवाइयों की कमी से बचाने के लिए जिला चिकित्सालय एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों को 20 मई को अनिवार्य रूप से खुले रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जन औषधि केंद्र और कुछ निजी मेडिकल स्टोर्स रहेंगे खुले
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जानकारी दी है कि बंद के दौरान जिले के कई आवश्यक मेडिकल स्टोर्स और जन औषधि केंद्र खुले रहेंगे, ताकि आमजनों को राहत मिल सके।
जिन केंद्रों को निश्चित रूप से खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं, उनमें जिला अस्पताल परिसर एवं पुराना बस स्टैंड स्थित रेडक्रॉस संचालित मेडिकल स्टोर्स प्रमुख हैं। इसके अलावा पाली, करतला ब्लॉक के बरपाली और करतला, कटघोरा, पोड़ी उपरोड़ा, कोसाबाड़ी, निहारिका घंटाघर कॉम्प्लेक्स तथा सीतामढ़ी रोड स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र भी खुले रहेंगे।
वहीं पुराना बस स्टैंड, कोसाबाड़ी, निहारिका, दीपका और कटघोरा स्थित Shri Dhanvantari Medical Stores को भी बंद के दौरान संचालन जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में देशव्यापी आंदोलन
जानकारी के अनुसार ऑनलाइन फार्मेसी के बढ़ते प्रभाव और पारंपरिक दवा व्यापार पर पड़ रहे असर को लेकर देशभर के केमिस्ट संगठनों में नाराजगी है। इसी के विरोध में यह राष्ट्रव्यापी बंद आयोजित किया जा रहा है।
कोरबा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन आवश्यक दवाइयों की अग्रिम व्यवस्था अवश्य कर लें, ताकि बंद के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


