October 10, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

ज्ञानेश कुमार को हटाने और एसआईआर निरस्त करने की मांग पर उज्ज्वल दीपक का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले—विरोध की आड़ में अराजकता और असंवैधानिक हथकंडे बर्दाश्त नहीं

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**//  रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को निरस्त करने की मांग को लेकर दिल्ली में विपक्षी दलों के आंदोलन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है।

उज्ज्वल दीपक ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन इसकी आड़ में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, प्रशासनिक कामकाज बाधित करना और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल राजनीतिक मुद्दों पर बहस करने के बजाय दबाव की राजनीति कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव आयोग की स्वायत्तता और संविधानसम्मत प्रक्रियाओं का सम्मान जरूरी है। मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग हो या एसआईआर पर विरोध, हर मुद्दे का समाधान लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में ही होना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक हताशा में अमर्यादित आचरण अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी आवश्यक है।

उज्ज्वल दीपक ने स्पष्ट कहा कि भाजपा संविधान, विधि के शासन और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष से राजनीतिक विरोध के नाम पर अराजकता फैलाने के बजाय संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील की।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.