कोरबा को मिलेगी आधुनिक सड़क नेटवर्क की सौगात : जिला प्रशासन और बालको मिलकर बदलेंगे यातायात की तस्वीर



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// बालकोनगर/कोरबा, 18 मई 2026। कोरबा जिले में विकास की रफ्तार अब और तेज होने जा रही है। जिला प्रशासन और भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के संयुक्त प्रयासों से बजरंग चौक से रिसदा पुल (परसाभाठा मार्ग) तक सड़क एवं पुल उन्नयन की महत्वाकांक्षी परियोजना को नई दिशा मिल गई है। यह परियोजना न केवल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाएगी, बल्कि हजारों ग्रामीणों के जीवन को भी सीधे प्रभावित करेगी।
यह मार्ग बालको क्षेत्र से जुड़े परसाभाठा, नेहरू नगर, भद्रापारा सहित अनेक ग्रामीण बस्तियों के लिए जीवनरेखा माना जाता है। जामबहार समुदाय को रूमगरा क्षेत्र से जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग बालको–कोरबा एवं बालको–कटघोरा के बीच महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी के रूप में कार्य करता है। भविष्य में यह सड़क भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना से भी जुड़कर क्षेत्रीय विकास को नई ऊंचाई प्रदान करेगी।
फोर-लेन सीसी रोड से बदलेगी पूरे क्षेत्र की तस्वीर
परियोजना के तहत वर्तमान दो-लेन कोलतार सड़क को अत्याधुनिक फोर-लेन सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क में विकसित किया जाएगा। सड़क के बीच आकर्षक डिवाइडर, आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग, सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इस उन्नयन के बाद सड़क पर आवागमन पहले से अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित होगा। साथ ही ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी और दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
बेलगिरी और रिसदा पुल का भी होगा मरम्मत कार्य
सड़क निर्माण के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेलगिरी एवं रिसदा पुल के मरम्मत कार्य को भी परियोजना में शामिल किया गया है। यह कार्य जिला प्रशासन द्वारा बालको के सहयोग से कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
जिला प्रशासन करेगा परियोजना का क्रियान्वयन
परियोजना का क्रियान्वयन जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा ताकि निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप पूरा हो सके। बालको लगातार जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर स्थानीय समुदाय के जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा क्षेत्र के सतत विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।
पहले भी विकास कार्यों में निभाई है अहम भूमिका
बालको और जिला प्रशासन के सहयोग से पूर्व में भी कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जा चुके हैं। इनमें लालघाट सड़क, बजरंग चौक से रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क नवीनीकरण तथा बालको पुलिस थाना से सेक्टर-4 वन विभाग बैरियर तक सड़क सुधार कार्य शामिल हैं।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एल्यूमिना गेट पर दोपहिया पार्किंग, कोयला ट्रकों के लिए कोल गेट एवं फ्लाई ऐश पॉन्ड क्षेत्र में पार्किंग सुविधाएं तथा भारी वाहनों के लिए अतिरिक्त पार्किंग निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी किए गए हैं।
बालकोनगर बन रहा आधुनिक सुविधाओं से समृद्ध शहर
बालको स्थानीय समुदाय के जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। नेहरू पार्क, आधुनिक बालको स्टेडियम, अत्याधुनिक बालको अस्पताल, विद्यालय, चौड़ी सड़कें, फुटपाथ, फॉरेस्ट वॉक-वे, जुबली पार्क का सौंदर्यीकरण एवं नए इंडियन कॉफी हाउस जैसी सुविधाएं बालकोनगर को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप प्रदान कर रही हैं।
जिला प्रशासन और बालको की यह साझेदारी क्षेत्रीय विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और सामाजिक विश्वास का मजबूत उदाहरण बनकर सामने आई है। यह परियोजना निश्चित रूप से कोरबा जिले के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी


