August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

गुरसिया पंचायत में 40 लाख गबन का बड़ा आरोप : पांच आंगनबाड़ी सहित कई निर्माण कार्यों में अनियमितता, 20 मई को पहुंचेगी जांच टीम

1 min read

 

 

 

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा/पोड़ी-उपरोड़ा। कोरबा जिले के पोड़ी-उपरोड़ा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरसिया एक बार फिर गंभीर विवादों के घेरे में आ गई है। पंचायत में लगभग 40 लाख रुपए की शासकीय राशि के कथित गबन और निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता के आरोपों ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों और पंचों द्वारा जिला जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराने के बाद जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच दल गठित कर दिया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार गठित जांच टीम 20 मई को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत गुरसिया पहुंचकर पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी। शिकायत सामने आने के बाद पंचायत क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
निर्माण कार्यों की राशि निकली, जमीन पर काम नहीं
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पंचायत में स्वीकृत कई निर्माण कार्यों की राशि आहरित कर ली गई, लेकिन धरातल पर कार्य शुरू तक नहीं हुआ। शिकायत में पांच आंगनबाड़ी भवन, उचित मूल्य दुकान भवन, माध्यमिक शाला भवन, प्रयोगशाला भवन तथा कला एवं संस्कृति भवन निर्माण कार्यों में गंभीर गड़बड़ी का उल्लेख किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सरपंच कार्यकाल में स्वीकृत निर्माण कार्यों की दूसरी किश्त की लगभग 15 लाख रुपए की राशि भी निकाल ली गई, लेकिन मजदूरों और संबंधित हितग्राहियों को भुगतान नहीं किया गया। परिणामस्वरूप कई निर्माण अधूरे पड़े हैं और पंचायत के विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं।
पुरानी ईंटों से निर्माण कराने का आरोप
मामले में निर्माण गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि एक आंगनबाड़ी भवन निर्माण में पुराने और जर्जर भवनों से निकाली गई ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ माह पहले भी इस मुद्दे को स्थानीय समाचारों में प्रमुखता से उठाया गया था, लेकिन इसके बावजूद सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए।
ग्रामीणों ने सरपंच पति पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पंचायत में दबाव का माहौल बनाया जा रहा है, जिसके कारण कई पंच खुलकर विरोध करने से बच रहे हैं।
जांच दल ने मांगे महत्वपूर्ण दस्तावेज
जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा द्वारा जारी आदेश में पंचायत सचिव एवं संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को बचत पासबुक, चेकबुक, बिल-वाउचर, रोकड़वाही पंजी, ग्रामसभा बैठक पंजी सहित निर्माण कार्यों से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जांच के दौरान अनुपस्थित रहने या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
तीन अधिकारियों की टीम करेगी जांच
मामले की जांच के लिए गठित दल में उप अभियंता रवि पद्माकर, सहायक विकास विस्तार अधिकारी रामकुमार लकड़ा तथा सहायक आंतरिक लेखा परीक्षक एवं कराधान अधिकारी एस.पी. धुवे को शामिल किया गया है।
अब पूरे मामले में प्रशासनिक जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है, इस पर ग्रामीणों सहित पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं। पंचायत में कथित वित्तीय अनियमितता और विकास कार्यों में लापरवाही का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.