May 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

ग्रामीण विद्यार्थियों के सपनों को मिली नई उड़ान : कुदमुरा में कैरियर गाइडेंस सेमिनार बना भविष्य निर्माण का प्रेरक मंच

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा/कुदमुरा। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की दिशा देने और प्रतियोगी दौर में सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुदमुरा में राठिया कंवर विकास समिति कोरबा के सौजन्य से भव्य कैरियर गाइडेंस सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को विभिन्न शिक्षा संकायों, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई। सेमिनार विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन और नई संभावनाओं का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि श्रीमती रचना महेश राठिया (सरपंच), श्री दुर्गा प्रसाद राठिया (ग्राम पटेल) एवं श्री नीरज मिश्रा (SMDC अध्यक्ष) की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। वहीं राठिया कंवर विकास समिति के विद्वतजनों श्री दुबराज राठिया, श्री रामलाल राठिया, श्री मनमोहन सिंह राठिया, श्री करम सिंह राठिया, श्री यादन सिंह राठिया, श्री सागर सिंह राठिया एवं श्री दुबराज सिंह कंवर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया।
विद्यार्थियों को विषय चयन से लेकर रोजगार तक की मिली जानकारी
सेमिनार में सबसे पहले श्री रामलाल राठिया ने 10वीं के बाद विद्यार्थियों को कला, विज्ञान, कॉमर्स एवं एग्रीकल्चर संकाय का चयन अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करने की सलाह दी। उन्होंने आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के माध्यम से शासकीय एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार पाने के अवसरों पर प्रकाश डाला।

 

इसके पश्चात श्री सागर सिंह राठिया ने कृषि संकाय में अध्ययन, PAT परीक्षा तथा कृषि क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को कृषि आधारित आधुनिक शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच श्रीमती रचना महेश राठिया ने स्वयं उपस्थित विद्यार्थियों, पालकों एवं अतिथियों को स्वल्पाहार परोसकर आत्मीयता और सेवा भावना का परिचय दिया, जिसकी सभी ने सराहना की।
NEET, IIT, UPSC और पैरामेडिकल क्षेत्र की दी गई विस्तृत जानकारी
इसके बाद विज्ञान विषय पर विशेष सत्र में श्री दुबराज सिंह राठिया ने PCB और PCM विषयों से अध्ययनरत विद्यार्थियों को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग क्षेत्र की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि NEET के माध्यम से MBBS, BDS, BAMS, BHMS, BUMS, Nursing एवं Veterinary जैसे क्षेत्रों में प्रवेश प्राप्त कर बेहतर भविष्य बनाया जा सकता है।
उन्होंने पैरामेडिकल कोर्स जैसे BPT, BMLT, B.Sc Radiology आदि की उपयोगिता बताते हुए कहा कि कम समय में इन पाठ्यक्रमों से रोजगार प्राप्त कर परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है।
वहीं PCM विषय लेने वाले विद्यार्थियों को JEE Mains एवं Advanced परीक्षा के माध्यम से IIT में प्रवेश, Computer Science, Mechanical, Civil, Electrical, Data Science, AI, Architecture तथा Defence Services, Merchant Navy, Commercial Pilot एवं UPSC के माध्यम से Army, Navy और Air Force जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्रों में करियर बनाने की जानकारी दी गई।
कला और कॉमर्स के विद्यार्थियों को भी मिला विस्तृत मार्गदर्शन
श्री करम सिंह राठिया ने कला संकाय से अध्ययन कर शिक्षक, व्याख्याता, प्रोफेसर बनने तथा CGPSC एवं UPSC जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर प्रशासनिक सेवाओं में जाने के अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी।
श्री यादन सिंह राठिया ने कॉमर्स विषय के विद्यार्थियों को CA, अकाउंटेंसी एवं शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने की दिशा में तैयारी करने के टिप्स दिए।

 

वहीं श्री मनमोहन सिंह राठिया ने SSC (कर्मचारी चयन आयोग) के माध्यम से 10वीं, 12वीं एवं स्नातक स्तर के बाद विभिन्न विभागों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी की नौकरियों की संभावनाओं की विस्तार से चर्चा की।
“ऊंचा सपना देखें और लक्ष्य हासिल करें”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच श्रीमती रचना महेश राठिया ने विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारी को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए उसे जीवन में अपनाने की अपील की।
ग्राम प्रमुख श्री दुर्गा प्रसाद राठिया ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासित जीवन अपनाने की सीख दी।
भाजपा प्रदेश अजजा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष श्री टिकेश्वर सिंह राठिया ने RKVS टीम कोरबा को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
SMDC अध्यक्ष श्री नीरज मिश्रा ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, उच्च पदों तक पहुंचने तथा शिक्षा के साथ जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
महेश राठिया की सेवा भावना की हुई सराहना
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि श्री महेश राठिया द्वारा अतिथियों एवं विद्यार्थियों के लिए भोजन, स्वल्पाहार एवं पेयजल की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई, जिसकी सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य श्रीमती रागिनी रात्रे ने किया। उन्होंने इस आयोजन को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में “मील का पत्थर” बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता श्री दुबराज सिंह कंवर एवं श्री नरेशचंद्र पटेल ने किया।
इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय कुदमुरा, हाईस्कूल चचिया सहित आसपास के ग्रामों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी, पालक, जनप्रतिनिधि एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.