May 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सुशासन तिहार शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़: 812 आवेदन पहुंचे, मौके पर 65 समस्याओं का हुआ समाधान

 

लेपरा पंचायत में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित, हितग्राहियों को जॉब कार्ड, राशन कार्ड और योजनाओं का मिला लाभ
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा की ग्राम पंचायत लेपरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर में आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा विशेष सेवाएं प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष माधुरी देवी तंवर, उपाध्यक्ष प्रकाशचन्द्र जाखड़, जनपद सदस्य आयुष सिंह तंवर, अंजू भोला गोस्वामी तथा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर में पूर्व जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

 

शिविर के दौरान ग्राम पंचायत लेपरा के छह हितग्राहियों को जॉब कार्ड वितरित किए गए, वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। पंचायत विभाग द्वारा सात नए राशन कार्ड वितरित किए गए। कृषि विभाग ने सिंचाई सुविधा के लिए हितग्राहियों को पेट्रोल पंप उपलब्ध कराया।
वन विभाग द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के मेधावी बच्चों को प्रतिभाशाली छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसमें 10वीं और 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया।
शिविर में कुल 812 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 65 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। यह शिविर लेपरा सहित 11 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों के लिए आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम बन रहा है तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.