August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धरम सिंह के सपनों को दिया नया आशियाना, गृह प्रवेश कराकर कहा — “हर गरीब के सिर पर होगा पक्का छत”

1 min read

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//कोरबा, 16 मई 2026
सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कोरबा जिले के सुदूर ग्राम लेमरू पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही धरम सिंह के नव-निर्मित पक्के मकान का गृह प्रवेश कराकर परिवार के जीवन में खुशियों की नई रोशनी भर दी। मुख्यमंत्री ने घर का अवलोकन करते हुए परिवार को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। हितग्राही धरम सिंह एवं उनके परिवार ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने घर के अंदर पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की, बच्चों को दुलार किया और उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।
“गरीब का सपना अब हकीकत बन रहा है” — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। वर्षों से कच्चे मकान में जीवन बिताने वाले परिवार अब सम्मान और सुरक्षा के साथ पक्के घर में रह पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ गांव-गांव तक पहुंचा रही है।

 

 

सौर ऊर्जा से जगमगाएगा धरम सिंह का नया आशियाना
मुख्यमंत्री ने हितग्राही परिवार की आवश्यकताओं को समझते हुए उनके घर को स्वच्छ ऊर्जा से रोशन करने के लिए बड़ा सहयोग भी प्रदान किया। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापना हेतु डीएमएफ मद से हितग्राही अंशदान के रूप में 60 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा से न केवल बिजली की बचत होगी बल्कि ग्रामीण परिवार आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जागरूक भी बनेंगे। इस घोषणा के बाद परिवार की खुशी दोगुनी हो गई।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर भावुक हुआ परिवार
धरम सिंह का परिवार प्रदेश के मुखिया को अपने घर में पाकर भावुक नजर आया। परिवार के सदस्यों ने सरकार द्वारा मिले पक्के आवास और अन्य योजनाओं के लाभ के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। ग्रामीणों ने भी मुख्यमंत्री के सहज व्यवहार और आत्मीय मुलाकात की सराहना की।
मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने उनके गांव पहुंचकर सीधे हितग्राही परिवार के घर जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री का यह दौरा ग्रामीणों के लिए यादगार बन गया, जहां एक गरीब परिवार का सपना साकार होने के साथ-साथ विकास और जनकल्याण की योजनाओं की जमीनी तस्वीर भी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.