नवरात्रि में मानव सेवा की मिसाल: लोक अभियोजक राजेंद्र साहू ने किया 59वीं बार रक्तदान
1 min read
चैत और शारदीय नवरात्र की प्रथमा तिथि पर रक्तदान का संकल्प निभा रहे राजेंद्र साहू, पूर्व पार्षद रितेश साहू ने भी किया रक्तदान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। नवरात्रि में जहां भक्त माता की आराधना और शक्ति की उपासना कर रहे हैं, वहीं लोक अभियोजक राजेंद्र साहू ने 59वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा को ही सच्ची भक्ति का स्वरूप दिया। वे प्रत्येक छह माह में रक्तदान करते हैं और चैत व शारदीय नवरात्र की प्रथमा तिथि पर इस सेवा-संकल्प को निभाते आ रहे हैं।
राजेंद्र साहू जरूरतमंदों की सहायता और युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने में सक्रिय रहे हैं। उनके सेवा कार्यों के लिए उन्हें जिला स्तर पर ‘रक्तवीर’, राष्ट्रीय स्तर पर ‘समाज रत्न’ एवं ‘निराला स्मृति सम्मान’ सहित विभिन्न सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उनका संकल्प है कि जब तक शरीर साथ देगा, वे रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा करते रहेंगे।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद एवं नगर निगम एल्डरमैन रितेश साहू ने भी रक्तदान कर ‘रक्तदान महादान’ के संदेश को सार्थक किया। कार्यक्रम में साहू समाज नगर अध्यक्ष बालराम साहू, एसईसीएल अध्यक्ष चितरंजन साहू, सलाहकार रामलाल साहू, सचिव दयाशंकर साहू, पूर्व पार्षद कालूराम साहू, गोविंद साहू, स्थान प्रसाद साहू, मुन्ना साहू सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
माता की भक्ति के साथ मानवता की सेवा का यह संकल्प संदेश देता है कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में आशा जगाने का माध्यम है।
