May 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

लेमरू में गूंजा सुशासन का संदेश : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चौपाल लगाकर सुनी जनता की आवाज, विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं की दी बड़ी सौगात

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा,16 मई 2026
सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत कोरबा ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम लेमरू में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर उस समय ऐतिहासिक बन गया, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचे और चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “जनता की सेवा ही सरकार का सबसे बड़ा धर्म और हमारा कर्तव्य है। सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम बन चुका है।”
मुख्यमंत्री के लेमरू पहुंचते ही ग्रामीणों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने आम लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी ली और अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
“परिवार के मुखिया की तरह जनता का सुख-दुख जान रही सरकार” — मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जिस प्रकार परिवार का मुखिया अपने परिवार की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करता है, उसी प्रकार राज्य सरकार भी जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रही है। उन्होंने बताया कि 1 मई से शुरू हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक प्रदेशभर में संचालित होगा, जिसके माध्यम से गांव-गांव जाकर आम लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।

 

 

उन्होंने कहा कि लेमरू जैसे दूरस्थ गांव में पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की 22 वर्ष पहले लेमरू में हुई चौपाल का भी उल्लेख किया और कहा कि भाजपा सरकार हमेशा गांव, गरीब और किसानों के हितों को प्राथमिकता देती रही है।
जनकल्याण योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। अब तक 27 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बनने के बाद 18 लाख नए पीएम आवासों की स्वीकृति दी गई है तथा प्रदेश में लगभग 10 लाख आवास बनकर तैयार हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्रहण दर को 4 हजार से बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने और संग्राहकों को चरणपादुका वितरण फिर शुरू करने की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए रिकॉर्ड समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, भूमिहीन मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये सहायता, रामलला दर्शन योजना तथा बिजली बिल समाधान योजना जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा अपनाने और बिजली बिल में बचत करने की अपील की।
लेमरू क्षेत्र को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लेमरू क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने लेमरू में सिंचाई के लिए एनीकट निर्माण एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की स्थापना की घोषणा की। साथ ही ग्राम पंचायत अरसेना एवं नकिया में विद्युतीकरण, बरपानी से देवदुवारी तक विकास कार्य, डोकरमना, कुदरी चिंगार एवं चिरईझुंझ में नए प्राथमिक शाला भवन तथा आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की घोषणा की।
इसके अलावा देवपहरी वार्ड क्रमांक-1 में सीसी रोड एवं पुलिया निर्माण कराने की भी घोषणा की गई, जिससे ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया।
मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने दिए टैबलेट
सुशासन तिहार शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले जिले के 18 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे बड़ा माध्यम है।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को राशन कार्ड, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, बैसाखी, सिंचाई पंप, पावर स्प्रेयर, मछुआ समितियों को जाल, किसानों को चेक तथा महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक सहायता वितरित की।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सुपोषित टोकरी वितरण भी किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
मंत्री और अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जनपद अध्यक्ष बीजमोती राठिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार के इस आयोजन ने लेमरू क्षेत्र में विकास, जनसुनवाई और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की नई तस्वीर प्रस्तुत की, जिसकी ग्रामीणों ने खुलकर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.