लेमरू की “लखपति दीदी” के गुपचुप के दीवाने हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, आत्मनिर्भरता से प्रभावित होकर दिया 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा16 मई 2026
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हेलीकॉप्टर आज कोरबा जिले के सुदूर ग्राम लेमरू में उतरा, जहाँ उन्होंने आत्मनिर्भर महिला उद्यमिता की मिसाल बन चुकीं “लखपति दीदी” श्रीमती मंजू यादव से मुलाकात कर उनके संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास की सराहना की। मुख्यमंत्री ने मंजू यादव के घर के बाहर संचालित चाट-गुपचुप एवं मंचूरियन के ठेले पर पहुंचकर स्थानीय स्वाद का आनंद लिया और उनके कार्यों से प्रभावित होकर 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक प्रदान किया।
मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रीमती मंजू यादव ने पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे उनके ठेले तक पहुंचे, जहाँ उन्होंने परसा के पत्तों से बने दोने में परोसे गए तीखे-चटपटे गुपचुप का स्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने गुपचुप खाते हुए उसके स्वाद और गुणवत्ता की जमकर प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने पूछा — “क्या सब कुछ घर में ही तैयार होता है?”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बातचीत के दौरान मंजू यादव से उनके व्यवसाय के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि गुपचुप और अन्य सामग्री कहाँ तैयार की जाती है। इस पर मंजू यादव ने बताया कि वे सभी सामग्री घर पर ही तैयार करती हैं और पूरी मेहनत एवं स्वच्छता के साथ अपना व्यवसाय संचालित करती हैं।
उन्होंने बताया कि ठेले के साथ-साथ वे कैटरिंग प्लेट का कार्य भी करती हैं, जिससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये तक की आय प्राप्त हो जाती है। मुख्यमंत्री ने उनकी मेहनत और आत्मनिर्भर सोच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी महिलाएं समाज के लिए प्रेरणा हैं।
पति का सहयोग बना सफलता की ताकत
मुख्यमंत्री ने मंजू यादव से उनके परिवार और व्यवसाय में सहयोग के बारे में भी जानकारी ली। इस पर उन्होंने बताया कि उनके पति धनपत यादव व्यवसाय में हर कदम पर उनका साथ देते हैं और दोनों मिलकर इस काम को आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दंपत्ति की मेहनत और सामंजस्य की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
व्यवसाय विस्तार के लिए मिला 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री श्री साय ने मंजू यादव के प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए उनके व्यवसाय के विस्तार के लिए 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा “लखपति दीदी” जैसी महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्या-क्या कहा — प्रमुख बातें
“आत्मनिर्भर महिलाएं समाज और गांव की सबसे बड़ी ताकत हैं।”
“मंजू यादव जैसी महिलाएं मेहनत और आत्मविश्वास से नई मिसाल पेश कर रही हैं।”
“सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।”
“स्थानीय स्तर पर छोटे व्यवसाय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं।”
“लगन और मेहनत से हर महिला आत्मनिर्भर बन सकती है।”
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार और ग्रामीण महिला उद्यमिता को दिए गए सम्मान की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।


