विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर कोरबा में लगेगा निशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा शिविर, ब्लड प्रेशर और शुगर जांच के साथ मिलेगा मुफ्त उपचार



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस (World Hypertension Day) के अवसर पर 17 मई रविवार को “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत कोरबा में विशेष निशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
यह आयोजन लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध आयुर्वेद विशेषज्ञ एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे।
हाइपरटेंशन और मधुमेह के प्रति जागरूक करेगा शिविर
डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 17 मई को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को हाइपरटेंशन यानी हाई ब्लड प्रेशर के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित उच्च रक्तचाप हृदय रोग, स्ट्रोक और अन्य गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष आयुर्वेद-योग चिकित्सा शिविर आयोजित किया जा रहा है।
ब्लड प्रेशर और शुगर की होगी निशुल्क जांच
शिविर में आने वाले लोगों की ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की निशुल्क जांच की जाएगी। साथ ही उच्च रक्तचाप और मधुमेह के नियंत्रण एवं उपचार के लिए परीक्षित आयुर्वेदिक औषधियां भी मुफ्त प्रदान की जाएंगी।
इसके अलावा हृदय और हीट स्ट्रोक के लिए लाभकारी “शीत सुधा शरबत” भी श्रद्धालुओं और मरीजों को निशुल्क पिलाया जाएगा। चिकित्सकों के अनुसार यह शरबत पित्त शमन, शरीर को शीतलता प्रदान करने और ब्लड प्रेशर नियंत्रण में सहायक माना जाता है।

योग, प्राणायाम और जीवनशैली पर मिलेगा विशेष मार्गदर्शन
शिविर में रोगियों को योगाभ्यास और प्राणायाम का व्यक्तिगत प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही आयुर्वेदिक जीवनशैली, दिनचर्या, ऋतुचर्या और खानपान से संबंधित उपयोगी सलाह भी विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी, ताकि लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर गंभीर बीमारियों से बच सकें।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।


