भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारी बैठक सम्पन्न, संगठन मजबूती और आगामी रणनीति पर हुआ मंथन



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मंगलवार को भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, सुशासन तिहार अभियान तथा प्रदेशभर में पार्टी गतिविधियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से राजनीतिक हलकों में दिनभर चर्चाओं का दौर बना रहा।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी तथा डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित अनेक प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक में सुशासन और विकास कार्यों को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। वहीं राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। बैठक के माध्यम से पार्टी ने आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों को लेकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का प्रयास किया।


