सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान, चुइया में 370 आवेदनों का मौके पर निराकरण



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा,12 मई 2026
प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम चुइया में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। शिविर में कुल 1114 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 370 आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, जनपद अध्यक्ष श्रीमती बीजमती राठिया, जनपद अध्यक्ष श्रीमती कौशल्या देवी, श्री हरिशंकर यादव एवं श्रीमती कुंती चन्द्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुशासन तिहार अभियान के माध्यम से शासन सीधे गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान कर रहा है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को काफी राहत मिल रही है तथा योजनाओं का लाभ भी तेजी से मिल रहा है।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, खाद्य, राजस्व, शिक्षा, श्रम, विद्युत एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ संबंधी जानकारी प्रदान कर लोगों को जागरूक किया।
इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ भी वितरित किए गए। राशन कार्ड प्रदान किए गए, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी गई तथा मनरेगा जॉब कार्ड वितरित किए गए। अन्य योजनाओं के अंतर्गत भी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीईओ श्री खगेष निर्मलकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


