शैलेश सिंह सोमवंशी को मिली प्रदेश उपाध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी, रायपुर में भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न



पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में “सर्व क्षत्रिय राजपूत महासंघ छत्तीसगढ़” के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**//कोरबा। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के पावन अवसर पर 09 मई 2026, शनिवार को रायपुर स्थित स्पीकर हाउस सभागार में “सर्व क्षत्रिय राजपूत महासंघ, छत्तीसगढ़” के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सामूहिक शपथ ग्रहण एवं स्नेह मिलन समारोह अत्यंत भव्यता और गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की विशेष उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
समारोह के दौरान समाज के विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों को महासंघ की प्रांतीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। इसी क्रम में राजपूत क्षत्रिय समाज जिला कोरबा के अध्यक्ष श्री ठा. अवधेश सिंह को “सर्व क्षत्रिय राजपूत महासंघ छत्तीसगढ़” का पदेन संरक्षक सदस्य नियुक्त किया गया। वहीं समाजसेवा और संगठनात्मक सक्रियता के लिए पहचान रखने वाले श्री शैलेश सिंह सोमवंशी को सर्वसम्मति से महासंघ का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत करते हुए प्रांतीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया।

इस अवसर पर महासंघ के नवगठित संगठन के कुल 34 पदाधिकारियों ने समाजहित, एकता और संगठन सशक्तिकरण के उद्देश्य से निस्वार्थ भाव एवं पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करते रहने की शपथ ली। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 19 प्रमुख क्षत्रिय राजपूत संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
समारोह में महासंघ के निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष श्री जे.के. सिंह, महासचिव श्री प्रेम सिंह ठाकुर तथा कोषाध्यक्ष श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों, प्रतिनिधियों एवं विभिन्न घटक दलों के अध्यक्षों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के पश्चात नव-निर्वाचित पदाधिकारियों और समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के बीच मिठाई वितरण, बधाई एवं शुभकामनाओं का दौर देर तक चलता रहा। पूरे आयोजन में समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समरसता का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।


