May 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

वृंदावन में गूंजेगी व्यापारियों की आवाज, राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का दमदार प्रतिनिधित्व करेंगे अशोक मोदी

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोरबा। देशभर के व्यापारियों और उद्योगपतियों की सबसे बड़ी प्रतिनिधि संस्था भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय विशाल बैठक 12 एवं 13 मई को धर्मनगरी वृंदावन में आयोजित होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने हेतु छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अशोक मोदी एवं प्रदेश चेयरमैन सुधीर बंसल आज वृंदावन के लिए रवाना हुए।
यह राष्ट्रीय बैठक व्यापार, उद्योग और आर्थिक नीतियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर देशव्यापी रणनीति तय करने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। अधिवेशन के मुख्य अतिथि नंदकिशोर यादव होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय चेयरमैन एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त सुनील संगवी करेंगे। कार्यक्रम का संचालन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता एवं राष्ट्रीय महामंत्री मुकुंद मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न होगा।
देश के 28 राज्यों से पहुंचेंगे व्यापारी प्रतिनिधि
बैठक में देशभर के 28 राज्यों से हजारों व्यापारी प्रतिनिधि, उद्योगपति, उद्यमी और संगठन पदाधिकारी भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर व्यापारियों के सामने आ रही चुनौतियों, टैक्स प्रणाली की जटिलताओं, उद्योगों की समस्याओं और छोटे व्यापारियों को राहत देने जैसे विषयों पर व्यापक मंथन होगा। प्रतिनिधिमंडल द्वारा केंद्रीय मंत्रियों को ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों के हितों की रक्षा तथा व्यावसायिक वातावरण को अधिक सरल और सुरक्षित बनाने की मांग भी रखी जाएगी।
जीएसटी, आयकर और उद्योगों की समस्याओं पर होगा बड़ा मंथन
राष्ट्रीय बैठक में जीएसटी, आयकर, औद्योगिक विभागों की जटिल प्रक्रियाएं, अनाज व्यवसायियों की परेशानियां, लघु एवं मध्यम उद्योगों के समक्ष उत्पन्न चुनौतियां तथा छोटे व्यापारियों को राष्ट्रीय स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष चर्चा होगी। व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र को सशक्त, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।
‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वदेशी अभियान’ को मिलेगी नई ताकत
बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्वदेशी अभियान’ को और अधिक मजबूती देने पर भी विशेष विचार-विमर्श किया जाएगा। भारतीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने, विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने तथा देश में निर्मित उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही छोटे उद्योगों को बढ़ावा देकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में व्यापारियों की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा।
वैश्विक संकट और पेट्रोलियम कीमतों पर भी होगी चर्चा
राष्ट्रीय अधिवेशन में वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालातों के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे प्रभावों पर भी गंभीर चर्चा की जाएगी। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों और व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहे असर को लेकर व्यापारियों की भूमिका तथा केंद्र सरकार को सहयोग देने के विषय पर भी विचार रखा जाएगा।
छत्तीसगढ़ के व्यापारियों की समस्याएं राष्ट्रीय मंच पर उठेंगी
प्रदेश अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि इस राष्ट्रीय बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश के व्यापारियों एवं उद्योगपतियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु विशेष प्रस्ताव रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य व्यापारियों को बेहतर व्यावसायिक वातावरण, राहत और सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि व्यापार और उद्योग दोनों क्षेत्रों को नई ऊर्जा मिल सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.